राहुल गांधी ने लिखी मोहन यादव को चिट्ठी

राहुल गांधी ने लिखी मोहन यादव को चिट्ठी
हाइलाइट :
27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण लागू करने का आग्रह
13 प्रतिशत पदों पर नियुक्तियां लंबित होने का उल्लेख
चयनित अभ्यर्थी 2022 से नियुक्ति की प्रतीक्षा में
छात्रों के प्रतिनिधियों से मिलने की अपील

Rahul Gandhi Writes Mohan Yadav: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर राज्य में 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण लागू करने और इसके तहत लंबित नियुक्तियों का रास्ता साफ करने का आग्रह किया है।

22 सितंबर को लिखे पत्र को राहुल गांधी ने 23 सितंबर को सोशल मीडिया मंच X पर साझा किया जिसमें इंदौर में 19 सितंबर को आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम का उल्लेख किया गया है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के छात्रों ने शिक्षा रोजगार और भविष्य से जुड़े मुद्दे उठाए गए। इनमें ओबीसी आरक्षण के तहत रुकी नियुक्तियों का मुद्दा प्रमुखता से सामने आया।

पत्र के अनुसार अभ्यर्थियों ने परीक्षा पास करने के साथ चयन प्रक्रिया पूरी कर ली है लेकिन 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण से जुड़े मामले के कारण 87:13 व्यवस्था के तहत 13 प्रतिशत पदों पर नियुक्तियां लंबित हैं। राहुल गांधी ने कहा कि इन पदों पर चयनित अभ्यर्थी वर्ष 2022 से नियुक्ति का इंतजार कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सभी राजनीतिक दलों ने 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण का समर्थन किया था लेकिन इसके क्रियान्वयन और लंबित नियुक्तियों का समाधान अब तक नहीं हो पाया है। राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री से छात्रों के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी बात सुनने और जल्द समाधान निकालने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि चार साल से अधिक समय से नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे युवाओं का समय और बर्बाद नहीं होना चाहिए। उन्होंने 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण लागू करने तथा लंबित 13 प्रतिशत पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने का आग्रह किया।