16 साल पुराने मामले में वारंट जारी होने पर राखी सावंत की सफाई, जेन जी आंदोलन से जोड़ा मामला

16 साल पुराने मामले में वारंट जारी होने पर राखी सावंत की सफाई, जेन जी आंदोलन से जोड़ा मामला
हाइलाइट्स
• 16 साल पुराने मामले में राखी सावंत के खिलाफ वारंट
• वीडियो जारी कर राखी ने दी सफाई
• जेन जी आंदोलन के समर्थन को बताया निशाना बनाए जाने की वजह

अभिनेत्री राखी सावंत ने अपने खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी होने के बाद सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर सफाई दी है। यह मामला वर्ष 2010 में प्रसारित टीवी कार्यक्रम ‘राखी का इन्साफ’ से जुड़ा है। रविवार को इंस्टाग्राम पर करीब दो मिनट का वीडियो अपलोड करते हुए राखी ने दावा किया कि जेन जी आंदोलन और अपने विद्यार्थियों का समर्थन करने के कारण उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। हालांकि, उन्होंने झांसी की अदालत और पुलिस पर भरोसा जताया।

दुबई से वीडियो जारी करने वाली राखी सावंत ने कहा कि उनका इस मामले से कोई लेना-देना नहीं है और वह संबंधित युवक को जानती तक नहीं हैं। उनके मुताबिक, शो के दौरान चैनल की ओर से उन्हें जो कहने के लिए कहा गया था, उन्होंने वही कहा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कार्यक्रम में उनकी भूमिका केवल होस्ट की थी।

राखी सावंत ने वीडियो में क्या कहा?

राखी सावंत ने अपने वीडियो में पुराने मामले को फिर से उठाए जाने को जेन जी आंदोलन के समर्थन से जोड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि जेन जी और अपने विद्यार्थियों के पक्ष में बोलने की वजह से उन्हें निशाना बनाने की कोशिश हो रही है।

उन्होंने मामले को लेकर झांसी की अदालत और पुलिस पर अपना भरोसा भी जताया। राखी का कहना है कि संबंधित युवक से उनका कोई परिचय नहीं था और टीवी कार्यक्रम में उन्होंने चैनल के निर्देशों के अनुसार अपनी भूमिका निभाई थी।

क्या है ‘राखी का इन्साफ’ से जुड़ा मामला?

यह मामला वर्ष 2010 में प्रसारित टीवी कार्यक्रम ‘राखी का इन्साफ’ का है। झांसी के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के निवासी लक्ष्मण अहिरवार अपनी पत्नी के साथ वैवाहिक विवाद सुलझाने के लिए इस कार्यक्रम में पहुंचे थे।

लक्ष्मण की मां सावित्री ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि कार्यक्रम के दौरान राखी सावंत ने उनके बेटे के लिए अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया था।

लक्ष्मण की मौत के बाद परिवार ने लगाए थे आरोप

शिकायत के मुताबिक, कार्यक्रम में अपमानित किए जाने के बाद लक्ष्मण मानसिक रूप से परेशान रहने लगे थे। बाद में उनकी मौत हो गई। परिवार ने उनकी मौत के लिए कार्यक्रम में कथित तौर पर किए गए अपमान को जिम्मेदार ठहराया था।

इस मामले में राखी सावंत के बार-बार अदालत में पेश नहीं होने के कारण 16 अक्तूबर को उनके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया गया था। वारंट जारी होने के बाद अब राखी ने सोशल मीडिया के जरिए अपना पक्ष रखा है।