जम्मू-कश्मीर के रामबन हाईवे पर BSF वाहन पलटा, 5 जवान घायल; ड्राइवर की हालत गंभीर

जम्मू-कश्मीर के रामबन हाईवे पर BSF वाहन पलटा, 5 जवान घायल; ड्राइवर की हालत गंभीर

जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में शनिवार को जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर BSF का एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर पलट गया। चंबा-सेरी के पास हुए इस हादसे में पांच जवान घायल हुए हैं। दुर्घटना के बाद स्थानीय पुलिस और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

घायल जवानों को वाहन से बाहर निकालने के बाद अस्पताल पहुंचाया गया, जहां सभी को इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।

हादसे में ये पांच जवान हुए घायल

अधिकारियों के अनुसार, हादसे में उप-निरीक्षक घर सिंह, चालक शमीम अहमद, आरक्षी सुनील कुमार, परशुतम कुमार और चंदन यादव घायल हुए हैं।

BSF का यह वाहन जम्मू की ओर जा रहे एक बड़े काफिले का हिस्सा था। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर घायलों को वाहन से बाहर निकाला।

चालक शमीम अहमद की हालत गंभीर

हादसे में घायल चालक शमीम अहमद की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। शमीम अहमद उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले का निवासी है।

अधिकारियों के मुताबिक, डॉक्टरों की एक विशेष टीम उसकी जान बचाने का हर संभव प्रयास कर रही है। वहीं, हादसे में घायल अन्य चार जवानों की हालत फिलहाल स्थिर बताई गई है।

वाहन पलटने के कारणों की जांच जारी

दुर्घटना जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग के एक संवेदनशील हिस्से में हुई। पुलिस ने वाहन के पलटने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जांच में सड़क की स्थिति और किसी तकनीकी खराबी की संभावना पर भी गौर किया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की विस्तृत जांच जारी है।