सोनिया,प्रियंका की मौजूदगी में खरगे ने ली राज्यसभा की शपथ

सोनिया,प्रियंका की मौजूदगी में खरगे ने ली राज्यसभा की शपथ

राज्यसभा के सभापति सी.पी. राधाकृष्णन ने सोमवार को संसद भवन में कर्नाटक से पुनः निर्वाचित सदस्य मल्लिकार्जुन खरगे को शपथ दिलाई। मल्लिकार्जुन खरगे ने हिंदी में शपथ ली।

राधाकृष्णन ने सात अन्य नवनिर्वाचित और पुनर्निर्वाचित सदस्यों को भी शपथ दिलाई। इनमें मानसिंह मेरामन परमार, तरुण चुघ, डॉ. अलका सिंह, जितेंद्र मेघजीभाई कंजारिया, राजेंद्र हीरालाल जैन, एम. नागराजा और अधिकारीमायुम शारदा देवी शामिल हैं।

शपथ ग्रहण के दौरान चार सदस्यों ने हिंदी में, एक ने कन्नड़ में, एक ने पंजाबी में और एक ने मणिपुरी भाषा में शपथ ली। इनमें से दो सदस्य गुजरात राज्य का प्रतिनिधित्व करते हैं जबकि कर्नाटक, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, मणिपुर और राजस्थान से एक-एक सदस्य हैं।

खरगे के शपथ ग्रहण के मौके पर काँग्रेस पार्टी की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी और वायनाड से लोकसभा सदस्य प्रियंका गांधी भी मौजूद थीं। इनके अलवा इस अवसर पर

राज्यसभा के उप सभापति हरिवंश, राज्यसभा में सदन के नेता तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण और रसायन एवं उर्वरक मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, संसदीय कार्य और अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू, विधि और न्याय राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, सूचना एवं प्रसारण और संसदीय कार्य राज्य मंत्री एल. मुरुगन, राज्यसभा के महासचिव पी.सी. मोदी तथा सचिवालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।