श्यामा प्रसाद मुखर्जी को मोदी ने दी श्रद्धांजलि

श्यामा प्रसाद मुखर्जी को मोदी ने दी श्रद्धांजलि

भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित BJP के कई नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर एक श्लोक भी शेयर किया।

पीएम मोदी ने लिखा निःस्वार्थ भाव से राष्ट्र और समाज की सेवा में आजीवन समर्पित रहे देश की महान विभूति डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को उनके बलिदान दिवस पर आदरपूर्ण श्रद्धांजलि। उनके प्रखर विचार और आदर्श देश की हर पीढ़ी को मातृभूमि की सेवा के लिए प्रेरित करते रहेंगे।

पीएम मोदी ने शेयर किया श्लोक

न कर्मणा न प्रजया धनेन त्यागेनैके अमृतत्वमानशुः।

परेण नाकं निहितं गुहायां विभ्राजते यद्यतयो विशन्ति॥

इस श्लोक का अर्थ है कि परम सत्य या अमरत्व यानी की मोक्ष की प्राप्ति सांसारिक कर्मों, संतान या धन के माध्यम से नहीं हो सकती है। उस अमरत्व यानी की परमात्मा पाने के लिए पूर्ण 'त्याग' करना जरूरी है। इसके लिए हमें अहंकार और वासनाओं को छोड़ना होगा।

परब्रह्म स्वर्गलोक से भी परे और हृदय रूपी गुफा में सदा के लिए निहित है। लेकिन उस ब्रह्म में तेजस्वी, प्रकाशमान, संयमशील और त्यागी योगी ही प्रवेश कर पाते हैं।

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि पर पश्चिम बंगाल की मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि इतने सालों तक हम इसे मना भी नहीं पाए, अगली पीढ़ी को बताने की तो बात ही छोड़िए। हम इस दिन को आगे भी नहीं बढ़ा पाए। डर का माहौल था और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चेहरे पर स्याही फेंकने जैसी घटनाएं भी हुईं। हमारे नेता सुवेंदु अधिकारी की वजह से, अब यह दिन मनाया और याद किया जा रहा है। बंगाल के हर नागरिक की यह जिम्मेदारी है कि सिर्फ बंगाल और भारत के बच्चे, बल्कि पूरी दुनिया को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का बंगाल, कश्मीर, इंडस्ट्री और पूरे भारत के लिए दिया गया योगदान पता चले।