हाइलाइट्स :
• मोहाली की टीम ने फाइनल में केरल के MIC EMHS को 3-2 से हराया
• जूनियर बालिका अंडर-17 में झारखंड के सेंट पैट्रिक हाई स्कूल ने खिताब जीता
• सब-जूनियर बालक अंडर-15 में पश्चिम बंगाल की माणिकपारा विवेकानंद विद्यापीठ चैंपियन
Subroto Cup 2026: मोहाली के मिनर्वा पब्लिक स्कूल MPS CISCE ने केरल के MIC EMHS को 3-2 से हराकर 65वें सुब्रतो कप इंटरनेशनल फुटबॉल टूर्नामेंट-2026 के जूनियर बालक अंडर-17 वर्ग का खिताब जीत लिया। डॉ. बी. आर. आंबेडकर स्टेडियम में खेले गए रोमांचक फाइनल में दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला हुआ।
एमपीएस मोहाली ने सातवें मिनट में चेतन तिवारी के गोल से बढ़त बनाई। पहले हाफ के अतिरिक्त समय में तौफीक ने एमआईसी ईएमएचएसएस के लिए गोल कर स्कोर 1-1 कर दिया। दूसरे हाफ में मोहाली की टीम ने लगातार दो गोल कर मुकाबले पर पकड़ मजबूत की। 40वें मिनट में पुनशिबा मेइतेई और 46वें मिनट में मोहम्मद आजम खान ने गोल किए।
केरल की टीम ने 65वें मिनट में गोल कर अंतर 2-3 किया और आखिरी मिनटों में बराबरी के लिए लगातार हमले किए, लेकिन एमपीएस की रक्षा पंक्ति ने बढ़त कायम रखी। विजेता टीम को पांच लाख रुपये और उपविजेता को तीन लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी गई।
समापन समारोह में वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल ए.पी. सिंह और सुब्रतो मुखर्जी खेल शिक्षा सोसाइटी के अध्यक्ष मौजूद रहे। पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना के साथ उन्होंने विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान की।
टूर्नामेंट के जूनियर बालिका अंडर-17 वर्ग में झारखंड के गुमला स्थित सेंट पैट्रिक हाई स्कूल ने आइजोल के स्प्रिंगफील्ड हायर सेकेंडरी स्कूल को हराकर खिताब जीता। वहीं, सब-जूनियर बालक अंडर-15 वर्ग में पश्चिम बंगाल के माणिकपारा विवेकानंद विद्यापीठ ने असम के कामरूप मेट्रोपॉलिटन सीनियर सेकेंडरी स्कूल को हराकर चैंपियनशिप अपने नाम की। अंडर-17 बालक वर्ग में कुल 83 मुकाबले दिल्ली के पांच मैदानों पर खेले गए।