ईरान को एक बार फिर समझौते के लिए आगे आने की नसीहत देते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ऐसा न होने पर उनके देश ने ऐसी कार्रवाई की तैयारी कर ली है जो दूसरे विश्व युद्ध के बाद कभी नहीं देखी गई है।
ट्रंप ने सोशल मीडिया पर शेयर अपने पोस्ट में कहा, "अमेरिका, इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ़ ईरान के ख़िलाफ़ कार्रवाई के लिए पूरी तरह तैयार है। इसके लिए ऐसी सैन्य ताक़त और क्षमता जुटाई गई है, जैसी दूसरे विश्व युद्ध के बाद से कभी नहीं देखी गई।“
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि इस तैयारी के बावजूद ईरान और मध्य-पूर्व के दूसरे देशों ने किसी भी तरह का हमला न करने को कहा है, क्योंकि एक समझौते की रूपरेखा पर सहमति बन गई है।
उन्होंने कहा कि इस समझौते में होर्मुज़ जलडमरूमध्य Hormuz Strait को तुरंत और पूरी तरह से खोलना और ईरान के परमाणु खतरे को खत्म करना शामिल होगा।

ट्रंप ने कहा, ‘ इस अनुरोध के आधार पर, और दुनिया के भविष्य के फायदे और एक सफल व समृद्ध ईरान के अस्तित्व को बनाए रखने के लिए, मैंने हमले को रद्द करने पर सहमति जताई है, बशर्ते कि जल्द ही कोई समझौता हो सके।’
उन्होंने कहा इज़राइल भी इस प्रतिबद्धता में अमेरिका के साथ है।