Tu Hai Meri Kiran Trailer: सोनाक्षी सिन्हा-जहीर इकबाल की फिल्म का ट्रेलर पहले थिएटर में होगा रिलीज, जानें प्लानिंग

Tu Hai Meri Kiran Trailer: सोनाक्षी सिन्हा-जहीर इकबाल की फिल्म का ट्रेलर पहले थिएटर में होगा रिलीज, जानें प्लानिंग

सोनाक्षी सिन्हा और जहीर इकबाल शादी के दो साल बाद एक साथ फिल्म में नजर आने वाले हैं। दोनों ने 1 अक्टूबर को अपनी नई फिल्म ‘तू है मेरी किरन’ का ऐलान किया। यह एक इंटेंस लव स्टोरी है और फिल्म में रियल लाइफ कपल पहली बार रील लाइफ में भी साथ दिखाई देगा।

फिल्म के ऐलान के साथ इसका फर्स्ट लुक पोस्टर और रिलीज डेट भी सामने आई। ‘तू है मेरी किरन’ 23 अक्टूबर को रिलीज होगी। पोस्टर के साथ कैप्शन में लिखा गया है, “आप प्यार और जुनून के बीच कहां फर्क करेंगे?”

डिजिटल से पहले थिएटर में दिखेगा ट्रेलर

फिल्म की रिलीज से पहले मेकर्स ने इसके प्रमोशन की खास तैयारी की है। बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘तू है मेरी किरन’ का ट्रेलर डिजिटल प्लेटफॉर्म पर आने से पहले सिनेमाघरों में दिखाया जाएगा।

रिपोर्ट में दिए गए सोर्स के अनुसार, 2 अक्टूबर बॉक्स ऑफिस के लिहाज से बड़ा दिन है। इस दौरान दर्शक दृश्यम 3, डिगर और वैरेटी जैसी नई फिल्मों के साथ पहले से चल रही द वन और एवेंजर्स एंडगेम: एनकोर देखने पहुंचेंगे।

सोर्स के मुताबिक, ‘तू है मेरी किरन’ को बड़ी स्क्रीन के लिए बनाया गया है। इसी वजह से मेकर्स ने सिनेमाघरों से संपर्क कर फिल्मों की शुरुआत में इसका ट्रेलर चलाने की गुजारिश की है।

थिएटर के बाद डिजिटल प्लेटफॉर्म पर आएगा ट्रेलर

रिपोर्ट के मुताबिक, मेकर्स की योजना डिजिटल रिलीज से पहले सिनेमाघरों में ट्रेलर दिखाने की है। इसके जरिए फिल्म को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा शुरू होने और दर्शकों में उत्सुकता पैदा होने की उम्मीद जताई गई है।

इसके कुछ दिनों बाद ‘तू है मेरी किरन’ का ट्रेलर डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी रिलीज किया जाएगा।

CBFC ने 16+ सर्टिफिकेट के साथ पास किया ट्रेलर

‘तू है मेरी किरन’ के ट्रेलर को सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) ने 16 सितंबर को 16+ सर्टिफिकेट के साथ पास किया है। ट्रेलर की लंबाई 2 मिनट 17 सेकेंड्स होगी।

फिल्म का निर्देशन करण रावल ने किया है। इसे विशाल राणा, सर्वेश योगल, अश्विनी कुमार, मनोज दरक और नृपाल पटेल ने प्रोड्यूस किया है।