सीएम योगी ने कहा, आपसे गिरगिट भी सकुचाए

Date: 2026-04-30
news-banner

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा में नारी शक्ति वंदन संशोधन क़ानून को लेकर लोकसभा में विपक्ष के रवैये के ख़िलाफ़ बृहस्पतिवार को निंदा प्रस्ताव ध्वनि मत से पारित किया गया।

महिला आरक्षण को लेकर बुलाए गए विशेष सत्र में सरकार की तरफ़ से यह प्रस्ताव पेश किया गया जिसपर दिनकर की चर्चा के बाद विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने शाम को मत विभाजन कराया और प्रस्ताव को ध्वनि मत से पारित घोषित किया।

गिरगिट भी सकुचाए

इससे पहले प्रस्ताव के पक्ष बोलते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्षी दलों ख़ास तौर पर समाजवादी पार्टी और काँग्रेस पर जमकर निशाना साधा। समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा, “ आप लोगों के आचरण को देखकर गिरगिट भी सकुचा जाएगा कि कौन आ गया है ये। संसद में आचरण कैसा और यहां आचरण कैसा? वह भी सकुचा जाएगा कि कैसे रंग बदला जाता है। दिल्ली से लखनऊ पहुंचते पहुंचते जब आधी आबादी का आक्रोश झेलना पड़ रहा है। अब यहां पर रंग बदल गया। अब कह रहे हैं कि 33 प्रतिशत आरक्षण होना चाहिए तो सदन में विरोध क्यों किये।“

17 अप्रैल की याद दिलाई

मुख्यमंत्री ने कहा कि काले कर्मों से जो राजमहल सजाते हैं, वही इतिहास में कलंक बन जाते हैं। उन्होंने कहा कि यही कलंक बनने का काम 17 अप्रैल को लोकसभा के अंदर समाजवादी पार्टी, कांग्रेस, DMK और TMC ने  किया है। महिला आरक्षन का समर्थन करते हुए उन्होंने कहा किएक जिम्मेदार राजनीतिक दल के रूप में भारतीय जनता पार्टी अपने राष्ट्रीय कर्तव्यों का निर्वहन करती रहेगी। उन्होने कहा कि बीजेपी कभी अनुसूचित जाति, जनजाति और पिछड़ा वर्ग के आरक्षण की विरोधी नहीं रही है लेकिन हमेशा मजहबी आरक्षण का विरोध करती है और करती रहेगी।

महिला आरक्षण जरूरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर सुरक्षा वातावरण ने प्रदेश की आर्थिक प्रगति को नई गति दी है। उन्होंने सदन में महिलाओं की भागीदारी को 33 प्रतिशत तक अनिवार्य किए जाने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि इससे आधी आबादी को उनका समुचित अधिकार मिलेगा और नीति-निर्माण में उनकी प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित होगी।

शाहबानो का शाप

योगी ने कहा कि काँग्रेस उत्तर प्रदेश में पिछले 40 साल से सत्ता से बाहर है और उसकी ज़मीन बंजर होती जा रही है। उन्होंने कहा कि शाहबानो प्रकरण में आप लोगों ने एक मुस्लिम महिला के साथ जो अन्याय किया था यह उसी का परिमाण है। उन्होने कहा कि अगर कांग्रेस ये पाप नहीं करती, मौलवियों के दबाव में नहीं आती, भारत के कानून का सम्मान करके शाहबानो को न्याय दिया होता तो ये दुर्गति नहीं होती।

गेस्टहाउस कांड

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन के दौरान 1995 के गेस्टहाउस कांड का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की पहली महिला दलित मुख्यमंत्री का अपमान किया गया। सपा के लोगों ने मायावती पर हमला किया। इस शर्मनाक घटना का इतिहास गवाह है। उन्होंने कहा कि बसपा नेत्री और दलित की बेटी को बीजेपी ने मुख्यमंत्री बनाने में समर्थन किया। उन्होंने कहा,”आप लोगों की राक्षसी प्रवृत्ति पर लगाम लगाने के लिए हमने समर्थन दिया।”

तीन तलाक़ का मुद्दा

मुख्यमंत्री योगी ने तीन तलाक़ का मुद्दा भी गिनाया और कहा कि इस्लामी देश भी इसे नहीं मानते। लेकिन ये लोग कठमुल्लापन को आगे बढ़ाना चाहते हैं और तीन तलाक़ पर रोक का भी विरोध किया गया । प्रदेश में सपा की पूर्ववर्ती सरकारों पर अपराधियों का संरक्षण करने का भी मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया।

Leave Your Comments