- आराधना मिश्रा ‘मोना’ के पदभार ग्रहण के दौरान कांग्रेस मुख्यालय में हंगामा
- प्रमोद तिवारी के आश्वासन के बाद प्रदेश मुख्यालय लौटे पूर्व अध्यक्ष
- अजय राय ने पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल लोगों पर कार्रवाई की मांग की
- कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ साप्ताहिक चार्जशीट अभियान की घोषणा की
|
UP Congress President Aradhana Mishra Mona: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की नवनियुक्त अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ के पदभार ग्रहण समारोह के दौरान प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, नेहरू भवन में हंगामा हो गया। इस दौरान पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और उनके समर्थकों के साथ तीखी नोकझोंक हुई। मामला बढ़ने पर कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की और गाली-गलौज की स्थिति बन गई। इसके बाद अजय राय अपने समर्थकों के साथ कार्यालय से बाहर चले गए। हालांकि, राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी के आश्वासन के बाद वह वापस प्रदेश मुख्यालय पहुंचे।
पार्टी विरोधी गतिविधियों पर कार्रवाई की मांग
विवाद के बाद गलत टिप्पणी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग से जुड़े सवाल पर अजय राय ने कहा कि कुछ ऐसे लोग हैं जो पार्टी विरोधी कार्य कर रहे हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
अजय राय ने नये अध्यक्ष को दी बधाई
अजय राय ने नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ और अन्य पदाधिकारियों को पदभार ग्रहण करने पर बधाई एवं शुभकामनाएं भी दीं। सोशल मीडिया प्लेटफार्म X पर किए अपने पोस्ट में उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व, अनुभव और समर्पण से उत्तर प्रदेश कांग्रेस संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी।
लोकतंत्र और मताधिकार के मुद्दे उठाए
पदभार ग्रहण करने के बाद आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने नेहरू भवन में प्रेस वार्ता को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने लोकतंत्र और संविधान की रक्षा, चुनावी निष्पक्षता, मतदाता सूचियों में कथित अनियमितताओं, नागरिकों के मताधिकार और चुनाव आयोग की जवाबदेही से जुड़े मुद्दे उठाए।
उन्होंने प्रदेश में बेरोजगारी, भर्ती परीक्षाओं में कथित घोटालों, शिक्षा एवं स्वास्थ्य व्यवस्था, कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार और बुनियादी सुविधाओं की स्थिति को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। किसानों और मजदूरों की समस्याओं को भी उठाया गया।
हर सप्ताह सरकार के खिलाफ चार्जशीट
कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश सरकार की नीतियों और कथित विफलताओं के खिलाफ साप्ताहिक ‘चार्जशीट अभियान’ चलाने की घोषणा की। इसके तहत प्रत्येक सप्ताह जनहित से जुड़े एक प्रमुख विषय पर चार्जशीट जारी कर सरकार से जवाबदेही की मांग की जाएगी।
आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लोकतंत्र, संवैधानिक संस्थाओं और प्रदेश के भविष्य के लिहाज से महत्वपूर्ण बताते हुए संगठन को मजबूत करने और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पेश की।