उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव (UP Assembly Election 2027) से पहले सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Aditynath) ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) और कांग्रेस पर एक साथ निशाना साधते हुए गठबंधन की राजनीति पर सवाल उठाए। अखिलेश के अयोध्या दौरे को लेकर उन्होंने कहा कि उन्हें वहां जाने से पहले रामभक्तों और हिंदुओं से माफी मांगनी चाहिए। योगी ने तंज कसते हुए कहा, 'राधे-राधे तो शुरुआत है, सपा के लिए अब राम नाम सत्य का समय आ रहा है।'
मुख्यमंत्री बुधवार को मीडिया समूह को दिए साक्षात्कार में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि मथुरा में राधे-राधे, अयोध्या में जय श्रीराम और काशी में हर-हर महादेव कहना आस्था के अनुरूप है, जबकि राम नाम सत्य विदाई के समय कहा जाता है। अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि दो नावों की सवारी करने वाले डूबते हैं।
सपा की राजनीति परिवार तक सीमित, पीडीए की बताई नई व्याख्या
योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी की राजनीति को परिवार केंद्रित बताते हुए पीडीए की नई व्याख्या की। उन्होंने कहा कि पीडीए का मतलब 'परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी' है। उनके मुताबिक, सपा की राजनीति परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है।
मुख्यमंत्री ने भाजपा के मतदाता आधार को लेकर कहा कि पार्टी का मतदाता हर वह राष्ट्रवादी नागरिक है, जो संविधान और देश की विरासत का सम्मान करता है। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी किसी से व्यक्तिगत लड़ाई नहीं है, लेकिन जब देश और समाज के सामने कोई चुनौती आती है तो उसका सामना करना एक संन्यासी का दायित्व है।
सपा-कांग्रेस गठबंधन को चुनाव से पहले ही बताया विफल
योगी ने सपा और कांग्रेस के बीच चल रही गठबंधन की बातचीत पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि दोनों दलों का गठबंधन चुनाव से पहले ही विफल नजर आ रहा है। एक ओर दोनों पार्टियों की बैठकें हो रही हैं, तो दूसरी तरफ प्रत्याशियों के नाम घोषित किए जा रहे हैं।
दोनों दलों पर तंज कसते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने प्याज भी खाया और जूता भी। उन्होंने साफ किया कि भाजपा और एनडीए के सहयोगी मिलकर चुनाव लड़ेंगे। प्रत्याशियों का चयन पार्टी की निर्धारित प्रक्रिया के तहत किया जाएगा।
SIR और घुसपैठियों के मुद्दे पर विपक्ष को घेरा
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर को लेकर भी मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठा रहा है। योगी ने कहा कि समाजवादी पार्टी विदेशी घुसपैठियों को अपना मानती है, जबकि मतदाता सूची में केवल पात्र भारतीय नागरिकों के नाम होने चाहिए।
उन्होंने कहा कि मृतकों और अपना स्थान बदल चुके मतदाताओं के नाम सूची से हटाना जरूरी है। हालांकि, किसी भी पात्र भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची से नहीं कटना चाहिए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि विदेशी नागरिक को मतदान का अधिकार नहीं मिल सकता।
कट्टा-बम से ब्रह्मोस मिसाइल तक पहुंचने का दावा
कानून-व्यवस्था और विकास के मुद्दे पर योगी ने वर्ष 2017 से पहले की सरकारों पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि उस समय प्रदेश में गुंडागर्दी, दंगे और अव्यवस्था का माहौल था। उनके मुताबिक, पहले कट्टा-बम की फैक्ट्रियां चलती थीं, जबकि अब प्रदेश में रिवॉल्वर, राइफल और ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश को 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं और निवेश को बढ़ावा देने के लिए 36 सेक्टोरल नीतियां बनाई गई हैं। उन्होंने कहा कि देश के कुल मोबाइल उत्पादन का 55 प्रतिशत और इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट का 60 प्रतिशत यूपी में तैयार हो रहा है।
एमएसएमई और ओडीओपी के माध्यम से सवा तीन करोड़ लोगों को रोजगार मिलने की बात भी उन्होंने कही। योगी के मुताबिक, वर्ष 2017 के मुकाबले प्रदेश की अर्थव्यवस्था, प्रति व्यक्ति आय और बजट तीन गुना से अधिक बढ़े हैं।
उन्होंने बताया कि देश के एक्सप्रेसवे नेटवर्क में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी 60 प्रतिशत है। पहले प्रदेश में दो एयरपोर्ट क्रियाशील थे, जबकि अब 17 एयरपोर्ट संचालित हैं। इनमें पांच अंतरराष्ट्रीय हैं। इसके अलावा प्रदेश के सात शहरों में मेट्रो चल रही है।
सरकारी नौकरियों और युवाओं के प्रशिक्षण पर क्या बोले योगी?
मुख्यमंत्री ने सरकारी नियुक्तियों और युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण देने के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अब तक पौने दस लाख युवाओं को सरकारी नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं। 26 जनवरी तक इस संख्या को साढ़े दस लाख करने का लक्ष्य है।
योगी ने कहा कि पहले चरण में 60 लाख युवाओं को टैबलेट दिए गए थे और दूसरे चरण में 25 लाख टैबलेट देने की तैयारी है। युवाओं को एआई, ड्रोन, रोबोटिक्स और सेमीकंडक्टर जैसी तकनीकों का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।
महिलाओं और व्यापारियों की सुरक्षा पर सख्त संदेश
महिलाओं, व्यापारियों और निवेशकों की सुरक्षा के सवाल पर योगी आदित्यनाथ ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि बेटियों, व्यापारियों, निवेशकों और राह चलती महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के लिए दो ही जगह हैं, जेल या जहन्नुम।
मुख्यमंत्री ने चार लाख मकान खरीदारों को आवास दिलाने का भी जिक्र किया। इसके साथ ही उन्होंने नोएडा जाने से जुड़े पुराने अंधविश्वास को तोड़ने की बात कही।