यूपी में बेमौसम बारिश का कहर, 20 मौतें; सीएम योगी ने दिए राहत के सख्त निर्देश

Authored By: News Corridors Desk | 08 Apr 2026, 04:38 PM
news-banner

उत्तर प्रदेश में हाल की बेमौसम बारिश और आकाशीय बिजली ने भारी नुकसान किया है। पिछले एक हफ्ते में प्राकृतिक आपदा के कारण 20 लोगों की मौत हुई, 12 लोग घायल हुए और 33 पशु मारे गए। इस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ में हाई लेवल बैठक कर नुकसान का आकलन और राहत कार्यों की समीक्षा की।

सीएम ने राजस्व और कृषि विभाग को निर्देश दिया कि हर प्रभावित किसान और बटाईदार के नुकसान का निष्पक्ष आकलन कर तुरंत रिपोर्ट भेजी जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार किसानों के साथ खड़ी है और राहत वितरण में किसी भी स्तर पर देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

24 घंटे में सहायता और जवाबदेही
सीएम ने जिलाधिकारियों को आदेश दिया कि जनहानि, पशु हानि और घायलों के परिजनों को 24 घंटे के भीतर मुआवजा दिया जाए। राहत आयुक्त कार्यालय से सभी जिलों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी कि राहत कार्यों में लापरवाही अक्षम्य होगी और जवाबदेही तय की जाएगी। स्टेट डिजास्टर रिलीफ फंड से जिलों को पर्याप्त धनराशि तुरंत उपलब्ध कराई जाएगी ताकि सहायता कार्य बिना रुकावट जारी रहे।

आवास और बीमा योजनाओं का लाभ
सीएम योगी ने कहा कि जिन परिवारों के घर नष्ट हुए हैं, उन्हें ‘मुख्यमंत्री आवास योजना’ के तहत प्राथमिकता पर घर दिए जाएं। साथ ही पात्र लाभार्थियों को ‘कृषक दुर्घटना बीमा योजना’ के अंतर्गत जल्द लाभान्वित किया जाए। अधिकारियों को बीमा कंपनियों से तालमेल बिठाकर फसल बीमा दावों का त्वरित निपटान सुनिश्चित करने को भी कहा गया।

मंडी समितियों और सर्वे पर जोर
सीएम ने राजस्व और कृषि विभागों के बीच प्रभावी समन्वय पर जोर दिया ताकि प्रभावित इलाकों का सर्वे समयबद्ध तरीके से पूरा हो। उन्होंने मंडी समितियों को भी किसानों को हर संभव सहयोग देने का निर्देश दिया। अधिकारियों को सीधे किसानों तक पहुंचने और सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ दिलाने को कहा गया।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि संकट की इस स्थिति में हर प्रभावित तक सहायता पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसानों की सुरक्षा, मुआवजा और पुनर्वास के लिए राज्य सरकार पूरी तरह सक्रिय है।