शाह ने क्यों की योगी की तारीफ़?

शाह ने क्यों की योगी की तारीफ़?
शाह के बोल
          • यूपी से माफिया का अंत हुआ 
          • 2027 में फिर बनेगी भाजपा की सरकार
          • यूपी में कट्टा उद्योग नहीं अब डिफेंस कॉरिडोर
          • वाहन चोरी की जगह वाहन निर्माण 

Amit Shah UP International Trade Show 2026: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026 का उद्घाटन किया। शाह ने  मंच से योगी सरकार की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि यूपी से माफिया का अंत हो गया। 2027 में भी भाजपा की सरकार बनेगी। 

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, "एक जमाने में उत्तर प्रदेश में माफियों का शासन चलता था। 2017 में यहां भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी। योगी आदित्यनाथ जी इसके सीएम बने और आज यूपी में माफियों को समाप्त करने का काम बीजेपी की योगी सरकार ने किया है। इसी कारण यहां पर निवेश का माहौल बना है।

अपराध की इंडस्ट्री खत्म

शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कभी अपराध की इंडस्ट्री चलती थी, शहर-शहर वाहन चोरी के कुटीर उद्योग लगते थे और अवैध कट्टे बनाए जाते थे, लेकिन आज उसी उत्तर प्रदेश में कट्टा उद्योग की जगह डिफेंस कॉरिडोर, वाहन चोरी की जगह वाहन निर्माण और चेन स्नैचिंग की जगह मेडिकल डिवाइस पार्क बन रहा है। यह परिवर्तन डबल इंजन की सरकार में आया है और उत्तर प्रदेश देश-दुनिया के निवेश का प्रमुख केंद्र बन रहा है।

बेहतर कानून व्यवस्था से आया निवेश

शाह ने कहा कि निवेश की प्राथमिक शर्त है कि कानून व्यवस्था अच्छी हो, दूसरे- अनुकूल औद्योगिक नीति बने, तीसरे-सक्रिय सरकार हो और चौथा- मदद करने का उत्साह हो। आज ये चारों चीज उत्तर प्रदेश में मौजूद हैं, इसलिए यहां पर निवेश का माहौल बना है।