मतगणना से पहले विवाद: TMC ने जारी किया वीडियो, धांधली का आरोप

Date: 2026-05-01
news-banner

कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों की मतगणना से पहले तृणमूल काँग्रेस ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर आरोप लगाया कि चुनावी धांधली की जा रही है जिसे निर्वाचन आयोग ने ख़ारिज कर दिया।

तृणमूल काँग्रेस TMC ने वीडियो जारी करते हुए लिखा कि “यह दिनदहाड़े लोकतंत्र की हत्या है।” पार्टी ने आरोप लगाया,  “बीजेपी और निर्वाचन आयोग मिलीभगत करके, संबंधित पार्टी के किसी भी सदस्य की अनुपस्थिति में मतपेटियां खोल रहे है। यह चुनाव आयोग की पूरी जानकारी और संरक्षण में खुलेआम की जा रही घोर चुनावी धोखाधड़ी है।”

TMC  ने अपनी पोस्ट में आगे कहा, उन्होंने हर तरह की गंदी चाल चली है, नाम मिटाना, मतदाताओं को डराना-धमकाना, केंद्रीय बलों का आतंक, पैसों की बौछार, और बुरी तरह विफल रहे हैं। अब, हताशा में आकर, वे ईवीएम से छेड़छाड़ करने पर उतर आए हैं। लेकिन बंगाल महाराष्ट्र, दिल्ली या बिहार नहीं है। हम चुपचाप बैठकर उन्हें हमारे लोकतंत्र को लूटते हुए नहीं देखेंगे।

इन आरोपों के बाद TMC  की नेता शशि पांजा और कुणाल घोष कोलकाता में नेताजी इंडोर स्टेडियम के बाहर धरना शुरू कर दिया। पार्टी ने कहा कि उनकी नेता ममता बनर्जी भी घटनास्थल का दौरा करेंगी और स्थिति का जायजा लेंगी।

पोस्ट में कहा गया, “हम दिल्ली के जमींदारों और उनके कठपुतली चुनाव आयोग को जनता के जनादेश को चुराने की अनुमति नहीं देंगे।”

मीडिया की कुछ खबरों में बताया गया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भवानीपुर में स्ट्रांग रूम पर पहुंचीं। वह काफी देर तक वहां रहीं। बीजेपी ने आरोप लगाया कि वह स्ट्रांग रूम के भीतर अनधिकृत तरीके से गईं। लेकिन ममता ने कहा कि अनुमति मिलने के बाद वह स्टांग रूम में गईं।

दूसरी तरफ़ चुनाव आयोग ने तृणमूल काँग्रेस के आरोपों को सिरे से ख़ारिज कर दिया और कहा कि पूर्व सूचना के अनुसार बृहस्पतिवार को पोस्टल वोट अलग किये जाने थे। आयोग ने कहा कि इस आशय की सूचना सभी राजनीतिक दलों के एजेंट्स को दी गई थी। आयोग ने कहा कि अगर किसी पार्टी का अधिकृत प्रतिनिधि नहीं आता है तो उसमें आयोग क्या कर सकता है। आयोग ने कहा कि इसके लिए अनिश्चितकाल तक इंतज़ार नहीं किया जा सकता।

https://x.com/AITCofficial/status/2049866825350168739?s=20

Leave Your Comments