महिला एशिया कप के फाइनल से पहले ट्रॉफी को लेकर चर्चा तेज हो गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, एशियन क्रिकेट काउंसिल (एसीसी) और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के चेयरमैन मोहसिन नकवी 13 सितंबर को होने वाले फाइनल में मौजूद रहेंगे। उन्हें टूर्नामेंट के समापन समारोह का चीफ गेस्ट बनाया गया है।
मोहसिन नकवी की मौजूदगी इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि अगर हरमनप्रीत कौर की अगुआई वाली भारतीय महिला टीम फाइनल जीतती है, तो ट्रॉफी सौंपने को लेकर स्थिति पेचीदा हो सकती है। 2025 के पुरुष एशिया कप फाइनल में भी ट्रॉफी को लेकर विवाद सामने आया था।
फाइनल में चीफ गेस्ट होंगे मोहसिन नकवी
जियो सुपर की रिपोर्ट के मुताबिक, मोहसिन नकवी 13 सितंबर को महिला एशिया कप के फाइनल में शामिल होंगे। समापन समारोह में उन्हें मुख्य अतिथि बनाया गया है।
भारतीय महिला टीम पहले ही सेमीफाइनल में जगह पक्की कर चुकी है और उसे टूर्नामेंट में खिताब की प्रबल दावेदार माना जा रहा है। ऐसे में अगर भारत फाइनल जीतता है, तो पुरस्कार समारोह में ट्रॉफी सौंपे जाने को लेकर सभी की नजरें रहेंगी।
भारत-पाकिस्तान मैच में भी नहीं हुआ हैंडशेक
भारत और पाकिस्तान के हालिया मुकाबले में दोनों टीमों की कप्तानों के बीच हैंडशेक नहीं हुआ था। भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर और पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने मैच के दौरान हाथ नहीं मिलाया था।
पिछले साल पुरुष एशिया कप में भी भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव और पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा के बीच हैंडशेक नहीं हुआ था। इसके बाद दोनों टीमों के बीच तनाव और प्रोटोकॉल को लेकर काफी चर्चा हुई थी।
2025 पुरुष एशिया कप फाइनल में क्या हुआ था?
2025 के पुरुष एशिया कप फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को हराकर खिताब जीता था। पुरस्कार समारोह के दौरान मोहसिन नकवी भारतीय टीम को ट्रॉफी सौंपने के लिए कथित तौर पर करीब आधे घंटे तक पोडियम पर इंतजार करते रहे।
हालांकि, सूर्यकुमार यादव और उनकी टीम ने नकवी के हाथों ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था। भारतीय टीम की इच्छा थी कि ट्रॉफी किसी अन्य एसीसी अधिकारी के हाथों सौंपी जाए। टीम इंडिया ने पहले ही सूचना दे दी थी कि वह नकवी से ट्रॉफी नहीं लेगी। इसके बावजूद नकवी स्टेज पर खड़े रहे थे।
नकवी ट्रॉफी लेकर चले गए थे
इसके बाद मोहसिन नकवी ने पुरस्कार समारोह छोड़ने का फैसला किया और ट्रॉफी अपने साथ ले गए। वह ट्रॉफी को अपने होटल के कमरे में ले गए थे।
इसके बाद ट्रॉफी के एसीसी के दुबई स्थित कार्यालय में रखे होने की बात सामने आती रही है। भारतीय टीम को अभी तक वह ट्रॉफी नहीं मिली है।
BCCI और ACC के बीच बातचीत जारी
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि ट्रॉफी विवाद को लेकर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने मोहसिन नकवी और एसीसी के अन्य अधिकारियों के साथ कई बार चर्चा की है। हालांकि, अभी तक इस मामले का समाधान नहीं हुआ है।
अब महिला एशिया कप फाइनल में नकवी की मौजूदगी ने 2025 के विवाद को फिर चर्चा में ला दिया है। अगर भारत फाइनल जीतता है, तो पुरस्कार समारोह में ट्रॉफी किसके हाथों सौंपी जाती है, इस पर सभी की नजरें रहेंगी।