Yogi on Women Security: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार ने बेटी और महिलाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। बेटी की सुरक्षा में सेंध लगाने वालों के लिए जेल या जहन्नुम में जाने के अलावा कोई तीसरा रास्ता नहीं होगा।
मुख्यमंत्री बुधवार को अपने एक दिवसीय वाराणसी दौरे के दौरान बाबतपुर-पिंडरा स्थित आशा एजुकेशन ग्रुप परिसर में आयोजित कामकाजी महिला सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, रसोइयों, सफाई मित्रों और आशा वर्करों को सम्मानित किया। उन्होंने एक अन्य कार्यक्रम में भी शिरकत की जहां केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी के साथ राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ किया।
पुलिस में महिलाओं को 20% आरक्षण
मुख्यमंत्री ने कहा कि माताओं और बहनों की मातृत्व शक्ति का सम्मान करना और आधी आबादी के योगदान को पहचान देना आवश्यक है। मिशन शक्ति के माध्यम से महिलाओं की सुरक्षा को मजबूत आधार मिला है। प्रदेश पुलिस में महिलाओं के लिए 20 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित किया गया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश पुलिस में करीब 10 हजार महिलाएं थीं, जबकि आज उनकी संख्या लगभग 45 हजार हो चुकी है। पीएसी की महिला बटालियनों का नाम रानी अवंतीबाई लोधी, वीरांगना ऊदा देवी और वीरांगना झलकारी बाई के नाम पर रखा गया है।
महिलाओं की आर्थिक भागीदारी
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार योजनाएं बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनका लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने का काम कर रही है। आवास, उज्ज्वला, शौचालय, कन्या सुमंगला, सामूहिक विवाह और मातृ वंदना जैसी योजनाओं ने महिलाओं के जीवन में बदलाव लाया है। उन्होंने कहा कि करीब 28 लाख महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर आर्थिक गतिविधियों में भागीदारी कर रही हैं। बीसी सखी और ड्रोन दीदी जैसी योजनाएं महिलाओं को आत्मनिर्भर बना रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूंजी के अभाव में अब किसी महिला का सपना अधूरा नहीं रहेगा और सरकार महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन के लिए हरसंभव सहयोग करेगी। उन्होंने कहा कि काशी में लगभग एक लाख करोड़ रुपये के विकास कार्य हुए हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में काशी वैश्विक पहचान के साथ आगे बढ़ रही है।
9वें राष्ट्रीय पोषण माह का किया शुभारंभ
इससे पहले मुख्यमंत्री योगी ने रुद्राक्ष कंवेंशन सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी के साथ संयुक्त रूप से 9वें राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ किया जिसमें केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर और प्रदेश की महिला कल्याण एवं बाल विकास मंत्री बेबी रानी मौर्य भी मौजूद थीं।
विकसित भारत नींव गाँव और गलियों से
मुख्यमंत्री ने कहा कि आत्मनिर्भर और विकसित भारत का निर्माण केवल दिल्ली में बैठकर नहीं किया जा सकता, बल्कि इसकी मजबूत नींव गांवों और गलियों से तैयार होगी। उन्होंने कहा कि किसी भी देश की वास्तविक ताकत उसका युवा होता है और एक स्वस्थ, सशक्त एवं सकारात्मक युवा शक्ति के निर्माण की शुरुआत बचपन से होती है। बचपन की मजबूत नींव के लिए स्वस्थ मां और स्वस्थ बच्चे का होना आवश्यक है।
पोषण माह में क्या होगा?
राष्ट्रीय पोषण माह के दौरान बच्चों, गर्भवती महिलाओं और माताओं के पोषण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों को मज़बूत बनाने और आंगनबाडी कार्यकर्ताओं को पोषण संबंधी जानकारी देने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यशालाओं और जन गतिविधियों के माध्यम से लोगों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार के प्रति जागरूक किया जाएगा।