नवीन से मिल बीजेपी में शामिल हुए राघव चड्ढा

Date: 2026-04-24
news-banner

दिल्ली। राज्यसभा के अपने दो साथियों के साथ राघव चड्ढा ने आम आदमी पार्टी को झटका देते हुए भारतीय जनता पार्टी ज्वाइन कर ली है। उनके साथ संदीप पाठक और अशोक मित्तल ने केंद्र में सत्तारुढ़ पार्टी का दामन थामा।

शुक्रवार को अचानक सामने आए इस घटनाक्रम में राघव चड्ढा के साथ संदीप पाठक और अशोक मित्तल बीजेपी के मुख्यालय पहुंचे जहां पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन ने उनका स्वागत किया। इस दौरान दोनों पार्टियों के नेताओं ने गुलदस्ते का आदान-प्रदान किया और एक दूसरे को मिठाई खिलाई।

चड्ढा ने दावा किया कि उनके साथ राज्यसभा में आम आदमी पार्टी के दो तिहाई सदस्यों ने उच्च सदन के सभापति को पार्टी से अलग होने का पत्र सौंपा है। जिन लोगों के आम आदमी पार्टी से अलग होने का दावा किया जा रहा है उनमें क्रिकेटर हरभजन सिंह भी शामिल हैं जिन्हें पार्टी ने पंजाब से राज्यसभा भेजा था।

चड्ढा ने इस फैसले को सार्वजनिक करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी अपने मूल सिद्धांतों और आदर्शों से भटक चुकी है।

हालांकि इसके उलट आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह ने चड्ढा के दावे पर सवाल खड़ा किया और उस पत्र पर भी सवालिया निशान यह कहते हुए लगाया कि उसमें हस्ताक्षर सही नहीं हैं। उन्होंने इन लोगों पर दलबदल क़ानून के तहत कार्रवाई की माँग की।

नितीन नवीन का बयान

इस मुलाक़ात के बाद नवीन ने सोशल मीडिया पर तस्वीरें पोस्ट करते हुए लिखा कि पार्टी मुख्यालय पर राघव चड्ढा. संदीप पाठक और अशोक मित्तल का बीजेपी परिवार में स्वागत किया।

इसके साथ ही उन्होंने लिखा कि हरभजन सिंह, स्वाति मालिवाल, विक्रम साहणे और राजिन्दर गुप्ता को भी विकसित भारत के लक्ष्य के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के गतिशील नेत्तृत्व में काम करने के लिए शुभकामनाएं।

राघव चड्ढा का पोस्ट

इससे पहले सोशल मीडिया एक्स पर अपने पोस्ट में चड्ढा ने कहा,’ आज भारत के संविधान के प्रावधानों का इस्तेमाल करते हुए राज्यसभा में AAP के दो तिहाई से ज्यादा सदस्य बीजेपी में शामिल हो गए।’

इसी पोस्ट में उन्होंने आगे लिखा कि सात सांसदों ने दस्तावेज़ पर हस्ताक्षर किए हैं जिसे राज्यसभा के सभापति को सौंपा गया है।

उन्होंने कहा, ‘दो अन्य सदस्यों के साथ मैंने निजी तौर पर हस्ताक्षरित दस्तावेज़ सौंपे। 

राघव चड्ढा का बयान

इस्तीफे के दौरान राघव चड्ढा ने तीखी टिप्पणी करते हुए खुद को “गलत पार्टी में सही आदमी” बताया। उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात में वे पार्टी के अंदर सहज महसूस नहीं कर रहे थे और अब जनता के बीच जाकर काम करना चाहते हैं।

दो-तिहाई सांसदों के समर्थन का दावा

राघव चड्ढा ने दावा किया है कि आम आदमी पार्टी के राज्यसभा में मौजूद सांसदों में से दो-तिहाई से अधिक उनके साथ हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कई सांसदों ने समर्थन में हस्ताक्षर किए हैं, जिससे इस घटनाक्रम की राजनीतिक गंभीरता और बढ़ गई ।

राज्यसभा में AAP की स्थिति

मौजूदा समय में राज्यसभा में आम आदमी पार्टी के कुल 10 सांसद हैं, जिनमें से 7 पंजाब और 3 दिल्ली से आते हैं। यदि दो-तिहाई समर्थन का दावा सही साबित होता है, तो यह पार्टी के लिए बड़ा झटका होगा।

BJP में शामिल

राघव चड्ढा के साथ ही सात अन्य सांसदों के बीजेपी में शामिल होने के खबरें हैं। तीन सदस्यों के तो बीजेपी में शामिल होने की पुष्टि हुई है। बाकी लोगों के बारे में आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि यह घटनाक्रम आगे बढ़ता है,तो इसका असर न केवलAAPबल्कि राष्ट्रीय राजनीति पर भी पड़ सकता है।

Leave Your Comments