UP: अखिलेश यादव का ऐलान- PDA सरकार बनी तो राशन में देंगे सरसों का तेल

UP: अखिलेश यादव का ऐलान- PDA सरकार बनी तो राशन में देंगे सरसों का तेल
हाइलाइट्स
• शेख हसीना ने नए बांग्लादेशी पासपोर्ट के लिए किया आवेदन।
• वकील ने बताया- घर वापसी की दिशा में अहम कदम।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश में PDA सरकार बनने पर राशन के साथ सरसों का तेल देने का ऐलान किया है। सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए उन्होंने कहा कि कुछ महीनों बाद प्रदेश में PDA सरकार बनने पर शोषित, वंचित और गरीब लोगों को राशन में सरसों का तेल दिया जाएगा। इसी पोस्ट में अखिलेश ने अयोध्या में भाजपा के कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के साथ हुई कथित मारपीट और अभद्रता को लेकर भी पार्टी पर निशाना साधा।

उन्होंने महिला आयोग से इस मामले का संज्ञान लेने और भाजपा के संबंधित नेताओं तथा आयोजकों के खिलाफ वैधानिक व दंडात्मक कार्रवाई करने की मांग की। अखिलेश ने आरोप लगाया कि भाजपा के लोग नारी का सम्मान नहीं, बल्कि अपमान करते हैं।

अयोध्या की घटना पर महिला आयोग से कार्रवाई की मांग

अखिलेश यादव ने अयोध्या में भाजपा के कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के साथ कथित तौर पर हुई मारपीट और अभद्रता का मुद्दा उठाया। उन्होंने महिला आयोग से मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की। साथ ही संबंधित भाजपा नेताओं और कार्यक्रम के आयोजकों के खिलाफ कानूनी और दंडात्मक कार्रवाई की मांग की।

सपा अध्यक्ष ने दावा किया कि भाजपा से पीड़ित और अपमानित लोग इस बार पार्टी का स्थायी सफाया कर देंगे। उन्होंने कहा कि PDA सरकार बनने पर शोषित, वंचित और गरीब लोगों को भाजपा के कथित उत्पीड़न और अपमान का सामना नहीं करना पड़ेगा।

लखनऊ अग्निकांड में जान गंवाने वाले युवक की मां का भी किया जिक्र

अखिलेश यादव ने लखनऊ अग्निकांड में जान गंवाने वाले युवक की मां का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की ओर से सार्वजनिक रूप से उस दुखी मां का किया गया अपमान कोई महिला नहीं भूलेगी।

सपा अध्यक्ष ने इस घटना को मातृशक्ति का अपमान बताया और कहा कि उसका श्राप खाली नहीं जाएगा।

भाजपा को लेकर अखिलेश ने किया ये दावा

अखिलेश यादव ने अपनी पोस्ट में 2024 के लोकसभा चुनाव और 2026 के विधान परिषद चुनाव का उल्लेख किया। उन्होंने दावा किया कि जनता के बीच भाजपा के जुमलों का असर खत्म हो रहा है। भाजपा को 'तेल की फिसलन की ढलान' पर बताते हुए उन्होंने कहा कि जनता उसे हमेशा के लिए हराने के मूड में है।

उन्होंने यह भी दावा किया कि भाजपा से जुड़े राजनीतिक लोग जनाक्रोश के डर से राजनीति छोड़ रहे हैं या दूसरे राजनीतिक दलों में अपने लिए जगह तलाश रहे हैं।

अगले चुनाव को बताया 'महिला-युवा बनाम भाजपा' की लड़ाई

सपा अध्यक्ष ने आगामी चुनाव को 'महिला-युवा बनाम भाजपा' की लड़ाई बताया। उनके मुताबिक, भाजपा के खिलाफ लोगों में नाराजगी है और इस बार पार्टी को स्थायी रूप से हराने का माहौल बन रहा है।