उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी ने उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया तेज कर दी है। जानकारी के मुताबिक, पार्टी ने प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों में से 209 पर प्रत्याशियों के नाम तय कर लिए हैं। इन नामों की सूची लखनऊ से दिल्ली भेज दी गई है। बताया जा रहा है कि उम्मीदवारों के नाम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सहमति के बाद फाइनल किए गए हैं। अब इन पर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की मंजूरी का इंतजार है।
बीजेपी इस बार यूपी में 300 पार का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रही है। दीपावली के समापन के साथ ही पार्टी ने चुनावी तैयारियों को लेकर सक्रियता बढ़ा दी है।
सीएम योगी की सहमति से तय हुए 209 उम्मीदवारों के नाम
जानकारी के अनुसार, बीजेपी ने 209 प्रत्याशियों को A कैटेगरी में रखा है। इन उम्मीदवारों के नाम शॉर्टलिस्ट करने के बाद सूची लखनऊ से दिल्ली भेज दी गई है। अब पार्टी का शीर्ष नेतृत्व इन नामों पर अंतिम फैसला करेगा।
सूची को मंजूरी मिलने के बाद संबंधित उम्मीदवारों को टिकट के लिए हरी झंडी दी जाएगी। पार्टी की कोशिश है कि प्रत्याशियों को अपने-अपने क्षेत्रों में चुनाव की तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिल सके। बताया जा रहा है कि इन 209 नामों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सहमति के बाद ही अंतिम रूप दिया गया है।
SIR के मुद्दे पर सीएम योगी ने अखिलेश यादव को घेरा
उत्तर प्रदेश में SIR को लेकर भी राजनीतिक बयानबाजी जारी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक हिंदी चैनल को दिए इंटरव्यू में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा।
सीएम योगी ने कहा कि अखिलेश यादव अब SIR को वापस लेने की मांग नहीं करेंगे, क्योंकि उन्हें इसमें मुस्लिम वोटर्स की संख्या 1.63 परसेंट बढ़ती दिखाई दे रही है। उन्होंने दावा किया कि इस प्रक्रिया में 1 करोड़ 27 लाख हिंदू वोटर्स के नाम कट गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मामले में चुनाव आयोग से शिकायत की गई है, लेकिन अखिलेश यादव SIR के खिलाफ शिकायत नहीं करेंगे, क्योंकि उन्हें अपने वोट बैंक में बढ़ोतरी दिखाई दे रही है।
2027 के चुनाव को 80-20 की लड़ाई बताया
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 2027 के विधानसभा चुनाव को 80-20 की लड़ाई करार दिया। उन्होंने कहा कि 80 फीसदी मतदाता सुरक्षा, सुशासन और समृद्धि के मुद्दे पर बीजेपी और एनडीए के साथ खड़े हैं, जबकि 20 फीसदी वोटर विपक्ष के साथ जाएंगे।
सीएम योगी ने 'बटेंगे तो कटेंगे' नारे का भी बचाव किया। उन्होंने कहा कि यह ध्रुवीकरण का नारा नहीं है, बल्कि इतिहास से सबक लेने का प्रयास है।
उनके मुताबिक, जाति, क्षेत्र और भाषा के नाम पर बंटने से नुकसान उठाना पड़ता है। उन्होंने कहा, "एक रहेंगे तो नेक रहेंगे, सुरक्षित रहेंगे।"