भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है। पटना में आयोजित एक कार्यक्रम के इस वीडियो में वह एक शख्स को उसके व्यवहार के लिए फटकार लगाती नजर आ रही हैं। अक्षरा सिंह ने उसे समझाया कि मजाक और मस्ती की भी एक सीमा होती है। किसी के साथ ऐसा बर्ताव नहीं करना चाहिए, जिससे उसे परेशानी हो या अपमान महसूस हो। इस दौरान उन्होंने महिलाओं के सम्मान की बात भी उठाई।
अक्षरा सिंह अपने बेबाक अंदाज के लिए जानी जाती हैं। वायरल वीडियो में भी वह गलत व्यवहार पर नाराजगी जताती दिख रही हैं। हालांकि, जब शख्स अपनी गलती मान लेता है, तो अभिनेत्री का गुस्सा शांत हो जाता है और वह उससे प्यार से बात करने लगती हैं।
फैन की हरकत पर क्यों नाराज हुईं अक्षरा सिंह?
वायरल वीडियो पटना में हुए एक इवेंट का बताया जा रहा है। इसमें अक्षरा सिंह एक शख्स को उसके व्यवहार के लिए टोकती हैं। वह कहती हैं कि थोड़ी-बहुत मस्ती ठीक है, लेकिन ऐसी हरकतें नहीं करनी चाहिए, जिनसे सामने वाले को बुरा लगे।
इस दौरान अभिनेत्री ने पटना में इस्तेमाल होने वाले शब्द 'ठेठरई' का भी जिक्र किया। उन्होंने शख्स को समझाते हुए कहा, 'शर्म नहीं आती... आपके ही घर की लड़की हूं न मैं।' उनकी इस बात का मकसद महिलाओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार की जरूरत समझाना था।
अक्षरा सिंह ने साफ किया कि किसी महिला के साथ ऐसा व्यवहार करना उचित नहीं है, जिससे उसे अपमानित महसूस हो। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद लोगों के सामने भी इस मुद्दे पर अपनी बात रखी।
जेनजी को लेकर भी बोलीं अक्षरा सिंह
कार्यक्रम के दौरान अक्षरा सिंह ने आज की युवा पीढ़ी यानी जेनजी का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जेनजी महिलाएं की इज्जत करते हैं और संबंधित शख्स को युवाओं से सीखने की सलाह दी।
हालांकि, वीडियो में नाराज नजर आ रहीं अक्षरा सिंह का व्यवहार कुछ ही देर में बदल जाता है। जब शख्स अपनी गलती स्वीकार कर लेता है, तो अभिनेत्री उससे कहती हैं, 'आई लव यू।' इसके बाद वह उससे प्यार से बात करती हैं।
अक्षरा सिंह ने यह भी समझाया कि गलती होने पर उसे स्वीकार कर लेना चाहिए। साथ ही, उन्होंने लोगों से बिहार का नाम रोशन करने की अपील की।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो
अक्षरा सिंह का यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी पसंद किया जा रहा है। वीडियो पर लोग अभिनेत्री की तारीफ भी कर रहे हैं। महिलाओं के सम्मान को लेकर उनका सख्त रुख चर्चा का विषय बना हुआ है।
अक्षरा सिंह हाल ही में अपना नया भक्ति गीत 'दुर्गा मैया से सीख ना धूल चटावे के' लेकर आई हैं। इसके अलावा, पवन सिंह के साथ उनके रिश्तों में सुधार को लेकर भी वह चर्चा में हैं।