यूपी में तीसरी बार सरकार बनी तो लागू करेंगे यूसीसी: अमित शाह

यूपी में तीसरी बार सरकार बनी तो लागू करेंगे यूसीसी: अमित शाह
  • तीसरी बार भाजपा सरकार बनने पर यूसीसी लागू करने का ऐलान
  • बोले- यूपी में भाजपा अंगद का पैर, कोई हिला नहीं सकता
  • राहुल गांधी और अखिलेश यादव की राजनीति पर साधा निशाना
  • योगी सरकार के कामकाज और निवेश प्रस्तावों का किया जिक्र

Amit Shah UP Election 2027: केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने उत्तर प्रदेश भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं को 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी में अभी से पूरी ताकत झोंकने का संदेश दिया है। शुक्रवार को लखनऊ में आशियाना स्थित डॉ. राममनोहर लोहिया विधि विश्वविद्यालय में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के उद्घाटन सत्र में उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा अंगद का पैर है, जिसे कोई हिला नहीं सकता। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अर्जुन की तरह मछली की आंख यानी चुनाव में जीत के लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने और प्रदेश में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने के लिए जुटने का आह्वान किया।

शाह ने स्पष्ट किया कि यदि प्रदेश में भाजपा की तीसरी बार सरकार बनती है तो समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू की जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी नाराजगी और मनमुटाव भुलाकर चुनाव की तैयारियों में जुटने को कहा। उनका कहना था कि कार्यकर्ता पार्टी के मालिक हैं और उन्हें जनता के बीच जाकर केंद्र तथा प्रदेश सरकार की उपलब्धियां बतानी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव के दौरान बार-बार मुलाकात होगी और कामकाज का हिसाब भी लिया जाएगा।

राहुल-अखिलेश की राजनीति पर साधा निशाना

कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राहुल गांधी और अखिलेश यादव की राजनीति से अगले 30 साल तक भाजपा को चुनौती मिलने वाली नहीं है। उन्होंने योगी सरकार के कार्यकाल की तारीफ करते हुए दावा किया कि प्रदेश में माफिया का सफाया हुआ है और कानून-व्यवस्था में सुधार आया है। इससे निवेश और रोजगार के अवसर बढ़े हैं।

शाह के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव आए हैं, जिनमें से 15 लाख करोड़ रुपये के निवेश जमीन पर उतर चुके हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं का लाभ पाने वाले लोगों तक पहुंचने और उन्हें सरकार के कामकाज की जानकारी देने को कहा।

राम मंदिर का जिक्र कर सपा पर हमला

अयोध्या में 30 अक्टूबर 1990 को रामभक्तों पर गोली चलाए जाने की घटना का उल्लेख करते हुए शाह ने समाजवादी पार्टी को निशाने पर लिया। उन्होंने सवाल किया कि रामभक्तों पर गोली चलवाने वाले किस मुंह से सरकार बनाने की बात करते हैं। शाह ने कहा कि भाजपा ने राम मंदिर बनवाने का अपना वादा पूरा किया है।

वोट चोरी के विपक्षी आरोपों पर भी उन्होंने प्रतिक्रिया दी। शाह ने कहा कि चुनाव हारने के बाद अंपायर पर आरोप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा संसद में हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार है।

विनोद तावड़े ने दिया नेतृत्व को लेकर संकेत

बैठक में प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े ने संकेत दिया कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव अमित शाह के मार्गदर्शन में लड़ा जाएगा। वहीं, शाह द्वारा अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की बार-बार तारीफ किए जाने को तावड़े ने प्रदेश में नेतृत्व को लेकर महत्वपूर्ण संकेत बताया।