हाइलाइट्स
• शिवांगी सिंह की शादी के लिए जयपुर थीम पर बन रहा जयमाला स्टेज
• लुधियाना से 25 से ज्यादा किन्नर मंगल गीत गाकर देने पहुंचे आशीर्वाद
• घुड़दौड़ ग्राउंड से हेलीपैड तक अनंत सिंह ने लिया तैयारियों का जायजा
Anant Singh Daughter Wedding: मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी को लेकर नदावां में तैयारियां जोरों पर हैं। 25 नवंबर को होने वाले विवाह समारोह के लिए आयोजन स्थल को सजाने-संवारने का काम अंतिम दौर में पहुंच गया है। अनंत सिंह खुद व्यवस्थाओं पर नजर रख रहे हैं और शाम से लेकर रात तक घुड़दौड़ ग्राउंड में मौजूद रहकर तैयारियों का जायजा लेते रहे। इस बीच पंजाब के लुधियाना से 25 से अधिक किन्नरों का दल भी दुल्हन को आशीर्वाद देने पहुंचा।
किन्नर समाज के सदस्यों ने विवाह स्थल पर पारंपरिक मंगल गीत गाए और नाचकर शिवांगी सिंह की बलाएं लीं। उन्होंने हरियाणवी गीत भी सुनाए। शादी की खबर मिलने के बाद यह दल लंबा सफर तय कर नदावां पहुंचा है। सदस्यों ने कहा कि वे विवाह समारोह देखने के बाद ही पंजाब वापस लौटेंगी।
लुधियाना से नदावां पहुंचा किन्नर समाज का दल
शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे किन्नर समाज के सदस्यों ने पारंपरिक तरीके से दुल्हन और उनके होने वाले जीवनसाथी को सुखद वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद दिया। इस दौरान उन्होंने अनंत सिंह से मिलने की इच्छा भी जताई। उनसे मुलाकात की उम्मीद में सभी विवाह स्थल के पंडाल में रुके रहे।
किन्नर समाज की गीता ने बताया कि उन्हें मोबाइल के जरिए शिवांगी सिंह की शादी की जानकारी मिली थी। इसके बाद वह चार पहिया वाहन से लुधियाना से नदावां पहुंचीं। यहां उन्होंने दुल्हन को आशीर्वाद देने के साथ मंगल गीत गाए और डांस भी किया। गीता के मुताबिक, विवाह स्थल पर उन्हें चाय-पानी भी दिया गया है। अब वे अनंत सिंह से मुलाकात करने और शादी समारोह देखने के बाद वापस लौटेंगी।
जयपुर की थीम पर तैयार हो रहा जयमाला स्टेज
शिवांगी सिंह की शादी के लिए जयपुर की थीम पर भव्य जयमाला स्टेज बनाया जा रहा है। पिछले दो दिनों तक बारिश होने से आयोजन स्थल पर तैयारियों में काफी परेशानी आई थी। हालांकि, मौसम साफ होने के बाद काम ने फिर रफ्तार पकड़ ली है। कारीगर रात में भी स्टेज और दूसरी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में लगे रहे।
जयमाला स्टेज के सामने मैदान में रेस्टोरेंट तैयार किया जा रहा है। मेहमानों के लिए खाने के ग्राउंड को भी व्यवस्थित किया गया है। बारिश की वजह से मैदान में कीचड़ जमा हो गया था। इसे ठीक करने के लिए पहले ट्रैक्टर से जमीन की जुताई कराई गई और फिर उसे समतल किया गया। इसके बाद रेत बिछाकर कालीन लगाई गई।
घुड़दौड़ ग्राउंड से हेलीपैड तक अनंत सिंह ने लिया जायजा
शादी की तैयारियों को लेकर अनंत सिंह लगातार सक्रिय हैं। वह शाम से घुड़दौड़ ग्राउंड में मौजूद रहे और वहां चल रहे काम का निरीक्षण करते रहे। उनके समर्थक और स्थानीय ग्रामीण भी रातभर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने में जुटे रहे।
इससे पहले दोपहर में अनंत सिंह ने हेलीपैड के लिए तय किए गए मैदान का भी जायजा लिया था। शाम से ही वहां हेलीपैड बनाने का काम शुरू कर दिया गया। इसके लिए ईंट और रेत मंगाई गई है।
मेहमानों की सुविधा का भी ध्यान रखा जा रहा है। खाने के मैदान में बीचोंबीच पाइप बिछाकर नल लगाए गए हैं, ताकि भोजन के बाद हाथ धोने और पानी पीने में किसी को परेशानी न हो।
शादी की तारीख नजदीक आने के साथ ही आयोजन से जुड़े लोग और कारीगर दिन-रात काम में जुटे हैं। अब 25 नवंबर को होने वाले विवाह समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।