सबरीमाला मंदिर में दर्शन के लिए पहुंच रहे भक्तों की सेहत को लेकर प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। मंदिर परिसर और आसपास की दुकानों में संयुक्त निरीक्षण के दौरान नियमों के उल्लंघन के 29 मामले सामने आए हैं। इन मामलों में संबंधित प्रतिष्ठानों पर कुल 1 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। जांच के दौरान सन्निधानम स्थित एक होटल से बासी खाना भी बरामद हुआ, जिसे जब्त करने के बाद नष्ट कर दिया गया।
अधिकारियों के मुताबिक, यह अभियान दिन के साथ-साथ रात में भी चलाया जा रहा है। निरीक्षण के लिए बनाई गई संयुक्त टीम में स्थानीय स्वशासन, राजस्व, स्वास्थ्य, खाद्य सुरक्षा, विधिक माप विज्ञान (लीगल मेट्रोलॉजी) और नागरिक आपूर्ति विभागों के अधिकारी शामिल हैं।
भोजनालयों में मिलीं साफ-सफाई से जुड़ी खामियां
आधिकारिक बयान के अनुसार, अब तक सामने आए ज्यादातर मामले होटलों और भोजनालयों में साफ-सफाई के नियमों का पालन नहीं करने से जुड़े हैं। जांच में पाया गया कि कुछ जगहों पर वेटर दस्ताने और सिर पर कवर नहीं पहन रहे थे। वहीं, रसोई में भी गंदगी की शिकायतें सामने आई हैं।
निरीक्षण टीम दुकानों पर ग्राहकों से तय कीमत से अधिक पैसे वसूलने की शिकायतों की भी जांच कर रही है। इसके साथ ही कम तौल या निर्धारित मात्रा से कम सामान बेचने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।
होटल से जब्त किया गया बासी खाना
अधिकारियों ने बताया कि रविवार को सन्निधानम स्थित एक होटल से बासी खाना जब्त किया गया और उसे नष्ट कर दिया गया। संबंधित होटल पर जुर्माना भी लगाया गया है।
टीम ने खाद्य प्रतिष्ठानों को सख्त निर्देश दिए हैं कि सड़े हुए फलों को पूरी तरह फेंका जाए। केवल खराब हिस्से को हटाकर बचे हुए फल से जूस बनाने या उसका किसी अन्य तरीके से इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं होगी।
तीन टीमें चला रही हैं निरीक्षण अभियान
सबरीमाला में यह जांच अभियान तीन अलग-अलग टीमों के जरिए चलाया जा रहा है। अधिकारी केवल होटलों और खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच तक सीमित नहीं हैं, बल्कि अयप्पा भक्तों से सीधे बातचीत करके उनका फीडबैक भी ले रहे हैं।
बयान के मुताबिक, भक्तों की ओर से मिलने वाली शिकायतों पर आगे की कार्रवाई की जाती है। इस तरह निरीक्षण के दौरान दुकानों और भोजनालयों में नियमों के पालन के साथ-साथ श्रद्धालुओं के अनुभव को भी ध्यान में रखा जा रहा है।
कब होगी मंडल पूजा और मकरविलक्कू उत्सव?
सबरीमाला स्थित भगवान अयप्पा मंदिर को वार्षिक 'मंडल' तीर्थयात्रा सीजन के लिए 17 नवंबर को खोला गया था। इस दौरान होने वाली 'मंडल पूजा' 27 दिसंबर को होगी। पूजा के बाद मंदिर उसी दिन बंद हो जाएगा।
इसके बाद 'मकरविलक्कू' तीर्थयात्रा सीजन के लिए मंदिर 30 दिसंबर को शाम 5 बजे फिर से खोला जाएगा। 'मकरविलक्कू' उत्सव 14 जनवरी को मनाया जाएगा। श्रद्धालु 19 जनवरी तक दर्शन कर सकेंगे, जबकि 20 जनवरी को मंदिर बंद हो जाएगा।