संविधान दिवस के मौके पर 26 नवंबर को कांग्रेस देशभर में 'संविधान रक्षा मार्च' आयोजित करने जा रही है। पार्टी ने इस अभियान को संविधान और नागरिकों के मतदान अधिकारों की रक्षा से जोड़ा है। कांग्रेस के इस मार्च में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और कथित वोट चोरी का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया जाएगा। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे लखनऊ में आयोजित मार्च में शामिल होंगे। वहीं, लोकसभा में विपक्ष के नेता भी लखनऊ में रैली करेंगे।
अखिल भारतीय कांग्रेस समिति (AICC) के महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने बयान जारी कर मार्च की रूपरेखा बताई। उन्होंने कहा कि सभी प्रदेश कांग्रेस समितियां अपने-अपने राज्यों में इस कार्यक्रम का आयोजन करेंगी। यह अभियान संविधान की रक्षा के लिए कांग्रेस की ओर से चलाए जा रहे प्रयासों का हिस्सा है।
अंबेडकर और गांधी की प्रतिमाओं से शुरू होगा मार्च
कांग्रेस के मुताबिक, देश के अलग-अलग राज्यों में होने वाले मार्च की शुरुआत बाबासाहेब डॉ. बी.आर. अंबेडकर या महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास से की जाएगी। वहां राष्ट्र निर्माताओं को श्रद्धांजलि देने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता और आम नागरिक मिलकर संविधान की प्रस्तावना पढ़ेंगे।
इस दौरान न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व जैसे संवैधानिक मूल्यों को याद किया जाएगा। साथ ही संविधान की रक्षा का संकल्प भी लिया जाएगा।
मार्च के साथ कांग्रेस कार्यकर्ता 'वोट रक्षक' अभियान भी चलाएंगे। इसके तहत वे प्रत्येक मतदान केंद्र तक पहुंचेंगे और ऐसे मतदाताओं की पहचान करेंगे, जिनके नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं। पार्टी का कहना है कि इन लोगों को मतदान का अधिकार वापस पाने में मदद की जाएगी।
वेणुगोपाल ने नागरिकों से मार्च में शामिल होने की अपील की
के.सी. वेणुगोपाल ने संविधान में विश्वास रखने वाले सभी नागरिकों से बड़ी संख्या में मार्च में हिस्सा लेने की अपील की है। उन्होंने 26 नवंबर को संकल्प के ऐतिहासिक दिन के रूप में मनाने का आग्रह किया।
वेणुगोपाल ने कहा, 'संविधान ने हर भारतीय को वोट का अधिकार दिया है। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस इसकी रक्षा करने के लिए प्रतिबद्ध है और ऐसा करना उसका कर्तव्य है।'
उन्होंने मतदाता सूचियों में कथित गड़बड़ियों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने 'वोट चोरी' के दस्तावेजी सबूत देश के सामने रखे हैं।
महादेपुरा और अलंद में गड़बड़ियों का लगाया आरोप
वेणुगोपाल ने महादेपुरा में फर्जी और डुप्लिकेट प्रविष्टियों का जिक्र किया। इसके अलावा उन्होंने अलंद में हजारों वास्तविक मतदाताओं के नाम जानबूझकर हटाने की कोशिशों और हरियाणा सहित अन्य राज्यों में कथित अनियमितताओं का भी उल्लेख किया।
उनका आरोप है कि ये घटनाएं मतदाता सूचियों में बड़े पैमाने पर सुनियोजित छेड़छाड़ की ओर इशारा करती हैं।
वेणुगोपाल ने निर्वाचन आयोग की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि निष्पक्ष जांच कराने के बजाय भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने इन निष्कर्षों को खारिज किया, विपक्ष के नेता से हलफनामे मांगे और जांच एजेंसियों की ओर से मांगी गई जानकारी साझा करने से इनकार कर दिया।
SIR के तीन चरणों और बिहार की मतदाता सूची पर उठाए सवाल
कांग्रेस महासचिव ने मतदाता सूचियों के 'विशेष गहन पुनरीक्षण' यानी SIR का भी मुद्दा उठाया। उनके मुताबिक, यह प्रक्रिया बिहार विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले शुरू हुई थी। इसके दूसरे चरण में 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों तक इसका विस्तार हुआ, जबकि तीसरे चरण में यह 16 राज्यों और 3 केंद्र शासित प्रदेशों तक पहुंच गई।
वेणुगोपाल ने कहा कि इस प्रक्रिया का घोषित मकसद मतदाता सूचियों को त्रुटिहीन बनाना था, लेकिन इसका नतीजा यह हुआ कि नागरिकों को ही अपने निवास का प्रमाण देना पड़ा।
बयान में दावा किया गया, 'केवल बिहार की ड्राफ्ट मतदाता सूची से ही 65 लाख से अधिक नाम हटा दिए गए, और तीनों चरणों को मिलाकर अब माना जा रहा है कि हटाए गए नामों की संख्या 13 करोड़ से अधिक हो गई है।'
गरीबों, दलितों और महिलाओं पर सबसे ज्यादा असर पड़ने का दावा
कांग्रेस के बयान में कहा गया कि SIR की प्रक्रिया से सबसे अधिक प्रभावित होने वालों में गरीब, दलित, आदिवासी, अल्पसंख्यक और प्रवासी मजदूर शामिल हैं। इसके अलावा उन महिलाओं का भी जिक्र किया गया है, जिन्होंने शादी के बाद अपना घर बदल लिया है।
वेणुगोपाल ने कहा कि ये वही वर्ग हैं, जिन्हें सशक्त बनाने के लिए बाबासाहेब और गांधीजी ने संघर्ष किया था।
चुनाव आयोग की निष्पक्षता और नियुक्ति प्रक्रिया पर सवाल
वेणुगोपाल ने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता प्रभावित हुई है। उन्होंने संविधान के अनुच्छेद 324 का हवाला देते हुए कहा कि इसके तहत निर्वाचन आयोग को एक स्वतंत्र संवैधानिक निकाय के रूप में परिकल्पित किया गया है, जिसे तत्कालीन सरकार के प्रभाव से मुक्त रहना चाहिए।
उन्होंने चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति प्रक्रिया में हुए कानूनी बदलावों पर भी सवाल उठाए। वेणुगोपाल के आरोप के मुताबिक, कानून में संशोधन करके चुनाव आयुक्तों की चयन समिति से भारत के मुख्य न्यायाधीश को हटा दिया गया, जिससे मौजूदा सरकार को उनकी नियुक्तियों में निर्णायक अधिकार मिल गया।
इसके अलावा उन्होंने एक अन्य संशोधन का जिक्र करते हुए कहा कि चुनाव आयुक्तों को अपने आधिकारिक कर्तव्यों के दौरान किए गए कार्यों के लिए आजीवन कानूनी सुरक्षा दी गई है। बयान में आरोप लगाया गया कि इससे संवैधानिक मर्यादा और सिद्धांतों के उल्लंघन की छूट मिल गई है।
कांग्रेस ने इस पूरे मुद्दे को लोकतंत्र और नागरिकों के मतदान अधिकार से जुड़ा सवाल बताया है। पार्टी के बयान में कहा गया, 'जब किसी नागरिक का वोट चुरा लिया जाता है, तो संविधान द्वारा दिए गए बाकी सभी अधिकार अर्थहीन हो जाते हैं। इसलिए, यह लड़ाई किसी एक पार्टी की नहीं है, बल्कि इस बात की है कि क्या भारत 'हम, भारत के लोगों' का लोकतंत्र बना रहेगा या नहीं।'