अंडरवर्ल्ड डॉन बबलू श्रीवास्तव को लखनऊ की CBI कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। अदालत ने करीब 20 साल पुराने अपहरण के मामले में उन्हें बरी कर दिया है। इस केस में उन पर कोलकाता के एक नामी होटल के मालिक के अपहरण की साजिश रचने का आरोप था। हालांकि, सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष आरोपों को साबित नहीं कर सका।
बबलू श्रीवास्तव के वकील जीशान अल्वी ने अदालत में अपना पक्ष रखा। उनकी दलीलों के बाद कोर्ट ने बबलू को दोषमुक्त कर दिया।
नैनी जेल में रहते हुए अपहरण की साजिश रचने का था आरोप
इस मामले में आरोप लगाया गया था कि बबलू श्रीवास्तव ने नैनी जेल में बंद रहने के दौरान कोलकाता के होटल मालिक के अपहरण की योजना बनाई थी। यह भी आरोप था कि जेल में रहते हुए वह अपने गैंग का संचालन कर रहा था।
हालांकि, अदालत में अभियोजन पक्ष इन आरोपों को साबित नहीं कर पाया। इसके बाद CBI कोर्ट ने उन्हें इस मामले में बरी करने का फैसला सुनाया।
पंकज महिंद्रा अपहरण केस में भी मिल चुकी है राहत
बबलू श्रीवास्तव को इससे पहले भी अपहरण के एक अन्य मामले में बरी किया जा चुका है। जुलाई 2024 में अदालत ने 2015 में जौहरी पंकज महिंद्रा के अपहरण से जुड़े मामले में उन्हें दोषमुक्त कर दिया था। इस केस में बबलू के भतीजे संकल्प श्रीवास्तव को भी बरी किया गया था।
दरअसल, 5 सितंबर 2015 को पंकज महिंद्रा का शहर से अपहरण कर लिया गया था। अपहरणकर्ताओं ने उनकी रिहाई के बदले 10 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी। इस घटना को लेकर पंकज महिंद्रा के भाई ने प्रयागराज के कोतवाली थाने में FIR दर्ज कराई थी।
बाद में STF की एक टीम ने फतेहपुर जिले के सोथर थाना क्षेत्र में स्थित एक फार्म हाउस से पंकज महिंद्रा को सुरक्षित बचा लिया था।
कौन है अंडरवर्ल्ड डॉन बबलू श्रीवास्तव?
बबलू श्रीवास्तव का नाम कभी अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के सहयोगी के तौर पर जुड़ा था। हालांकि, बाद में दोनों एक-दूसरे के दुश्मन बन गए।
बबलू श्रीवास्तव को सिंगापुर में पकड़ा गया था और 1995 में भारत लाया गया। उसके खिलाफ हत्या और अपहरण के 42 मामले दर्ज थे। वह अभी भी जेल में बंद है।