कनाडा में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के खिलाफ एजेंसियों ने कार्रवाई तेज कर दी है। कनाडाई बॉर्डर सर्विसेज एजेंसी के सूत्रों और कनाडा मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, गैंग के 200 सदस्यों को देश छोड़ने का आदेश दिया गया है। इनमें से करीब 111 लोगों को अब तक डिपोर्ट किया जा चुका है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप कनाडाई एजेंसियों की प्राथमिकता वाले टारगेट में शामिल है। इसी कार्रवाई के बीच 25 साल के जशनदीप सिंह का मामला भी सामने आया है।
छात्र बनकर कनाडा पहुंचा था जशनदीप सिंह
जशनदीप सिंह भारतीय नागरिक है और दिसंबर 2022 में खुद को छात्र बताकर कनाडा पहुंचा था। कनाडा के इमिग्रेशन एंड रिफ्यूजी बोर्ड ने जुलाई में उसे कनाडा में रहने के लिए अयोग्य माना और देश से बाहर भेजने का आदेश दिया।
पुलिस का आरोप है कि जशनदीप सिंह का संबंध लॉरेंस बिश्नोई के अंतरराष्ट्रीय आपराधिक नेटवर्क से था।
उसके खिलाफ कार्रवाई में सोशल मीडिया पर सामने आया एक वीडियो भी अहम बताया गया है। यह वीडियो अगस्त 2025 में एडमंटन में हुई एक बर्थडे पार्टी का बताया गया है।
बर्थडे पार्टी के वीडियो में क्या दिखा?
रिपोर्ट के मुताबिक, इस पार्टी में बिश्नोई गैंग से जुड़े बताए जा रहे अर्शदीप सिंह भी मौजूद था। अर्शदीप सिंह को बिश्नोई गैंग का मिडिल मैनेजर बताया गया है। उसे 2026 में कनाडा से डिपोर्ट किया जा चुका है।
वीडियो में एक पिस्टल लोगों के बीच घूमती हुई दिखाई देती है। इसके बाद पूरा ग्रुप एक ग्रामीण इलाके में जाता है। रिपोर्ट के मुताबिक, अर्शदीप सिंह कथित तौर पर पिस्टल से हवा में कम से कम पांच गोलियां चलाता दिखाई देता है।
वीडियो में बर्थडे केक भी गाड़ी की डिक्की पर रखा नजर आता है। सोशल मीडिया पर यह वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस को मौके से इस्तेमाल किए गए कारतूस के खोखे मिले।
हथियार वाले वीडियो को लेकर जशनदीप ने क्या कहा?
जांच के दौरान इस हथियार को ब्रिटिश कोलंबिया के सरे में एक कैफे पर हुई फायरिंग से जोड़कर देखा गया। यह फायरिंग कनाडा के लोअर मेनलैंड इलाके में एक्सटॉर्शन से जुड़ी शूटिंग की जांच का हिस्सा थी।
इसके बाद जशनदीप सिंह भी पुलिस के रडार पर आ गया। इमिग्रेशन सुनवाई के दौरान उसने बिश्नोई गैंग से किसी भी तरह के संबंध से इनकार किया। हथियार वाले वीडियो को लेकर भी उसने अलग-अलग दलीलें दीं।
रिपोर्ट के मुताबिक, इमिग्रेशन बोर्ड ने उसके बयान में कई विरोधाभास पाए और उसे विश्वसनीय नहीं माना।
कनाडा में 5000 शूटर होने का दावा
बिश्नोई गैंग से जुड़े लोगों पर टेरर, एक्सटॉर्शन, ड्रग्स और कॉन्ट्रैक्ट किलिंग जैसी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप हैं।
इसी बीच सितंबर 2026 में गैंग की तरफ से कथित तौर पर सामने आया एक पत्र भी चर्चा में रहा। इस पत्र में गैंग ने कनाडा में अपने 5000 शूटर होने का दावा किया था और कनाडा को धमकी दी थी कि वह जल्द ही देश पर कब्जा कर लेगा।