Jamui Case Viral Video: बिहार के जमुई कोर्ट में पेशी के दौरान छात्रा से बदसलूकी के आरोपी हरेराम यादव को एक वकील ने थप्पड़ मार दिया। घटना उस समय हुई जब हरेराम यादव कोर्ट से बाहर निकल रहा था। इसी दौरान अधिवक्ता आकाश पांडे उसके पास पहुंचे और अचानक उसे थप्पड़ जड़ दिया। मौके पर पुलिसकर्मी भी मौजूद थे और पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई।
इस घटना का वीडियो सामने आया है, जिसमें आरोपी हरेराम यादव को कोर्ट से बाहर निकलते देखा जा सकता है। इसी दौरान अधिवक्ता आकाश पांडे उसके पास पहुंचते हैं और उसे थप्पड़ मार देते हैं।
वकील ने कहा- आरोपों को लेकर था आक्रोश
हरेराम यादव को थप्पड़ मारने वाले अधिवक्ता आकाश पांडे ने घटना को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि हरेराम पर लगे आरोपों को लेकर उनके मन में आक्रोश था और इसी वजह से उन्होंने उसे थप्पड़ मारा।
आकाश पांडे ने कहा, “उसने जैसा कृत्य किया है, उसके लिए तो थप्पड़ क्या, उसे गोली मार देनी चाहिए। उसकी वजह से आज पूरी जमुई शर्मिंदा है।”
उन्होंने आगे कहा कि वह एडवोकेट से पहले एक इंसान हैं और उनके अंदर भी मानवीय संवेदनाएं हैं। आकाश पांडे ने कहा कि इस घटना के लिए कानून उन्हें जो सजा देगा, वह उन्हें मंजूर है।
उनके मुताबिक, एक बेटी के साथ ऐसा होने पर वे लोग इन बातों को सहन नहीं कर पाएंगे। उन्होंने कहा कि उनके मन में पहले से आक्रोश था और आरोपी का कृत्य निंदनीय है, जिसे कोई भी समाज स्वीकार नहीं करेगा।
क्या है जमुई का पूरा मामला?
बीते 19 सितंबर को बिहार के जमुई में एक नाबालिग छात्रा से बदसलूकी की घटना हुई थी। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी नंदन यादव और हरेराम यादव को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया था।
जानकारी के मुताबिक, दोनों आरोपी ट्रैक्टर चालक हैं और बालू ढोने का काम करते थे। साथ ही कहा जा रहा है कि दोनों शराब तस्करी में भी लिप्त थे।
दोनों को जमुई सदर थाना क्षेत्र के प्रतापपुर गांव का रहने वाला बताया जा रहा है।
एनकाउंटर के दौरान एक आरोपी के पैर में लगी गोली
पुलिस एनकाउंटर के दौरान नंदन यादव के पैर में गोली लगने और हरेराम यादव के पकड़े जाने की जानकारी सामने आई थी। इसके बाद हरेराम यादव को कोर्ट में पेश किया गया, जहां बाहर निकलने के दौरान अधिवक्ता आकाश पांडे ने उसे थप्पड़ मार दिया।