CM योगी ने रचा इतिहास, यूपी में सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री पद पर रहने का बनाया रिकॉर्ड

Authored By: News Corridors Desk | 28 Jul 2025, 05:14 PM
news-banner

उत्तर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक बार फिर इतिहास रच दिया है | अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, कठोर प्रशासनिक शैली और हिंदुत्व के प्रति समर्पण के साथ, CM योगी ने न केवल उत्तर प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया, बल्कि अब वह सूबे के सबसे लंबे समय तक लगातार मुख्यमंत्री पद पर रहने वाले पहले नेता बन गए हैं| उन्होंने इस मामले में प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री रहे पंडित गोविंद बल्लभ पंत का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। योगी आदित्यनाथ ने अब तक 8 साल 4 महीने और 10 दिन का कार्यकाल पूरा कर लिया है, जबकि पंडित गोविंद बल्लभ पंत का कुल कार्यकाल 8 साल- 127 दिन का रहा था।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश, मुलायम सिंह और मायावती हुए पीछे छोड़ दिया है...

अखिलेश, मुलायम सिंह और मायावती हुए पीछे

-मायावती- 7 साल 16 दिन का कार्यकाल
-मुलायम सिंह यादव- 6 साल 274 दिन का कार्यकाल
-डॉ.सम्पूर्णानंद- 5 साल 345 दिन का कार्यकाल
-अखिलेश यादव- 5 साल 4 दिन का कार्यकाल
-नारायण दत्त तिवारी- 3 साल 314 दिन का कार्यकाल
-चंद्रभानु गुप्ता- 3 साल 311 दिन का कार्यकाल
-कल्याण सिंह- 3 साल 217 दिन का कार्यकाल

 

 योगी आदित्यनाथ ने 19 मार्च 2017 को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। उनके नेतृत्व में, भारतीय जनता पार्टी 
ने 2022 के विधानसभा चुनावों में भी बहुमत हासिल किया, जिसके बाद वे लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री बने। वह पहले ऐसे मुख्यमंत्री हैं जिन्होंने पूर्ण कार्यकाल के बाद दोबारा लगातार पद संभाला है।

उत्तर प्रदेश के 22वें मुख्यमंत्री के रूप में योगी आदित्यनाथ भारतीय जनता पार्टी के एक वरिष्ठ और प्रभावशाली नेता हैं। राजनीति में आने से पहले, वे गोरखपुर स्थित गोरखनाथ मठ के महंत यानी मुख्य पुजारी रहे हैं। उन्होंने 1998 में मात्र 26 साल की उम्र में गोरखपुर लोकसभा सीट से चुनाव जीतकर सियासत में कदम रखा था, जिससे वे देश के सबसे युवा सांसदों में से एक बन गए थे। योगी लगातार 5 बार गोरखपुर से लोकसभा के लिए निर्वाचित हुए। वर्ष 2017 में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के दौरान, वे बीजेपी के सबसे प्रमुख और प्रभावशाली चेहरों में शामिल थे। उनके कुशल प्रचार और नेतृत्व का पार्टी को पूर्ण बहुमत मिलने में महत्वपूर्ण योगदान रहा, और इसी के परिणामस्वरूप 19 मार्च 2017 को उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।

उत्तर प्रदेश में अगला विधानसभा चुनाव 2027 में होगा। पिछला विधानसभा चुनाव मार्च 2022 में हुआ था और विधानसभा का कार्यकाल 22 मई 2027 को समाप्त होगा।योगी आदित्यनाथ का यह रिकॉर्ड न केवल उनकी नेतृत्व क्षमता को दर्शाता है, बल्कि उत्तर प्रदेश के लिए उनके विजन को भी रेखांकित करता है। 2027 में होने वाले अगले विधानसभा चुनावों तक उनका यह रिकॉर्ड और मजबूत होने की उम्मीद है। हमारे साथ बने रहिए, और ऐसी ही ताजा खबरों के लिए हमें फॉलो करें।