मोहम्मद शमी ने टेस्ट क्रिकेट को कहा अलविदा

मोहम्मद शमी ने टेस्ट क्रिकेट को कहा अलविदा
  • मोहम्मद शमी ने 13 साल बाद टेस्ट क्रिकेट से लिया संन्यास
  • 64 टेस्ट मैचों में 229 विकेट हासिल कर खत्म किया सफर
  • छह बार एक पारी में पांच विकेट लेने का कारनामा
  • 2013 में वेस्टइंडीज के खिलाफ किया था टेस्ट पदार्पण
  • 2023 विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल था आखिरी टेस्ट मुकाबला

Mohammed Shami Test Retirement : भारतीय क्रिकेट के अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी है। 36 वर्षीय शमी ने शुक्रवार, 6 नवंबर को सोशल मीडिया पर भावुक संदेश साझा करते हुए टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कहा। उन्होंने 13 साल के अपने टेस्ट करियर में 64 मुकाबले खेले और 229 विकेट हासिल किए। शमी का यह फैसला भारतीय क्रिकेट के उस दौर का अंत है, जिसमें तेज गेंदबाजों ने विदेशी मैदानों पर भी टीम इंडिया को मजबूत पहचान दिलाई।

सफेद जर्सी को अलविदा, यादें हमेशा रहेंगी

शमी ने अपने सोशल मीजिया पोस्ट में लिखा, “सफेद जर्सी से विदा ले रहा हूं, लेकिन उससे जुड़ी यादों से कभी नहीं।” उन्होंने कहा कि जब पहली बार भारत की टेस्ट जर्सी पहनी थी, तब उनके सामने सिर्फ एक सपना था-अपने देश के लिए कुछ कर दिखाना।

उन्होंने आगे लिखा कि इसके बाद हर विकेट, हर संघर्ष, हर चोट और हर वापसी ने उन्हें कुछ न कुछ सिखाया। टेस्ट क्रिकेट उनके लिए सिर्फ एक प्रारूप नहीं, बल्कि जिंदगी का बेहद खास हिस्सा रहा है। उन्होंने भारी मन और अनगिनत खूबसूरत यादों के साथ टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला किया है।

शमी ने अपने सफर में साथ देने वाले टीम के साथियों, प्रशिक्षकों, परिवार और करोड़ों भारतीय प्रशंसकों का आभार जताया। उन्होंने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (CAB) को भी धन्यवाद दिया, जिन्होंने उनकी प्रतिभा पर भरोसा किया और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर दिए।

64 टेस्ट, 229 विकेट का शानदार रिकॉर्ड

मोहम्मद शमी ने अपने टेस्ट करियर में 64 मैचों की 122 पारियों में गेंदबाजी करते हुए 229 विकेट हासिल किए। उनका गेंदबाजी औसत 27.71 रहा। उन्होंने छह बार एक पारी में पांच या उससे अधिक विकेट लेने का कारनामा किया, जबकि 12 बार चार विकेट हासिल किए। टेस्ट में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन एक पारी में 6 विकेट पर 56 रन और एक मैच में 9 विकेट पर 118 रन रहा।

शमी भारत के टेस्ट इतिहास में छठे सबसे सफल तेज गेंदबाज के रूप में विदा हो रहे हैं। उनसे आगे कपिल देव (434 विकेट), जहीर खान और ईशांत शर्मा (311-311 विकेट), जवागल श्रीनाथ (236 विकेट) और जसप्रीत बुमराह (234 विकेट) हैं।

2013 में किया था टेस्ट पदार्पण

शमी ने 6 नवंबर 2013 को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट पदार्पण किया था। दिलचस्प बात यह है कि उन्होंने पदार्पण के ठीक 13 साल बाद, उसी तारीख को टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की। अपने पहले ही टेस्ट में उन्होंने मैच में नौ विकेट हासिल किए थे और भारतीय गेंदबाजी में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई थी।

शमी की पहचान नई गेंद से सीम और स्विंग कराने के साथ पुरानी गेंद से रिवर्स स्विंग में महारत के लिए रही। दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया जैसी परिस्थितियों में उनकी गेंदबाजी भारतीय टीम के लिए बेहद उपयोगी साबित हुई।

दक्षिण अफ्रीका में यादगार प्रदर्शन

शमी के टेस्ट करियर के कई महत्वपूर्ण प्रदर्शन दक्षिण अफ्रीका में आए। 2018 में जोहानिसबर्ग टेस्ट की दूसरी पारी में उन्होंने 28 रन देकर पांच विकेट हासिल किए और भारत को सांत्वना जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका के अगले दौरे पर सेंचुरियन टेस्ट में आठ विकेट लेकर उन्होंने एक और यादगार प्रदर्शन किया।

उन्होंने घरेलू मैदानों पर भी लगातार प्रभावशाली गेंदबाजी की। आईसीसी के अनुसार, भारत में खेले 21 टेस्ट मैचों में शमी ने 76 विकेट लिए, जबकि विदेशी मैदानों पर 41 टेस्ट में उनके नाम 145 विकेट रहे।

2023 में खेला था आखिरी टेस्ट

शमी का आखिरी टेस्ट मुकाबला जून 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल था। यह मुकाबला इंग्लैंड के द ओवल मैदान पर खेला गया था, जिसमें भारत को हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद चोटों और फिटनेस संबंधी चुनौतियों ने उनके टेस्ट करियर को प्रभावित किया।

हालांकि शमी ने अपने संदेश में स्पष्ट किया कि टेस्ट मैदान पर उनकी आखिरी गेंद भले ही फेंकी जा चुकी हो, लेकिन भारत के लिए खेलने का गर्व हमेशा उनके दिल में जिंदा रहेगा। उन्होंने भावुक अंदाज में लिखा, “शुक्रिया, टेस्ट क्रिकेट।”

शमी का टेस्ट क्रिकेट से संन्यास उनके अंतरराष्ट्रीय करियर का अंत नहीं है। वह सीमित ओवरों के क्रिकेट में खेलना जारी रखेंगे। इस तरह भारतीय क्रिकेट को उनकी गेंदबाजी का अनुभव और कौशल वनडे तथा टी-20 प्रारूपों में आगे भी देखने को मिल सकता है।