वैभव सूर्यवंशी ने अपने बैट में चिप होने पर क्या कहा?

Date: 2026-04-30
news-banner

दिल्ली। क्रिकेट सनसनी वैभव सूर्यवंशी ने उस पाकिस्तानी क्रिकेट विशेषज्ञ को करारा जवाब दिया है जिसने उनके बैट की जाँच कराने की माँग की थी।

पाकिस्तानी क्रिकेट पंडित नौमान नियाज़ ने दावा किया था कि वैभव सूर्यवंशी के बैट में चिप लगी है और उसकी जाँच कराई जानी चाहिए। 

इसके जवाब में राजस्थान रायल्स की तरफ़ से IPL-2026 खेल रहे युवा बल्लेबाज़ का एक वीडियो राजस्थान रॉयल्स की तरफ़ से सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया है जिसमें उनसे पूछा जा रहा है, “बैट में AI चिप है क्या तुम्हारे।” इस सवाल के जवाब में इस IPL सीज़न में अब तक 425 रन बना चुके युवा क्रिकेटर ने कहा, “भगवान ने लगाके दिया है। उपर ही बोला था कि बैट में तुम्हारे चिप लगाके दे रहा हूं। उसी का इस्तेमाल करना। “ यह उत्तर देने के बाद वैभव मुस्कुराते हुए आगे बढ़ जाते हैं।

वैभव सूर्यवंशी ने अपनी प्रतिभा से सबका मन मोह लिया है। सिर्फ 14 साल की उम्र में डेब्यू करने वाले इस खिलाड़ी की उम्र को लेकर उठे सवालों पर बीसीसीआई ने परीक्षणों के बाद क्लीनचिट दी थी।

राजस्थान रॉयल्स के लिए यशस्वी जायसवाल के साथ IPL में ओपनिंग कर रहे वैभव सूर्यवंशी दुनिया के दिग्गज गेंदबाजों का सामना जिस बेख़ौफ़ अंदाज़ में कर रहे हैं उससे सभी उनके मुरीद हो गए हैं। चाहे जसप्रीत बुमराह हों या फिर पैंट कमिंस, अर्शदीप सिंह या लॉकी फार्गुसन। सभी पर वह छक्का मार चुके हैं और IPL में उनके खाते में दो शतक जुड़ चुके हैं।

क्रिकेट पंडित इस बात पर एकमत हैं कि वैभव जिस तरह से क्रिकेट खेलते हैं और जिस प्रकार की उनकी तकनीकी क्षमता है, वह उन्हें काफी आगे लेकर जाएगी और यह खिलाड़ी भविष्य का खिलाड़ी है।

Leave Your Comments