- गुरुवार से पूर्वांचल के कई जिलों में बारिश का दौर जारी
- वाराणसी, गोरखपुर समेत कई इलाकों के लिए मौसम चेतावनी
- आंध्र प्रदेश के तट से 28 अक्टूबर को टकराया चक्रवात
- लाखों हेक्टेयर कृषि भूमि जलमग्न, हजारों मकान क्षतिग्रस्त
- मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने प्रभावित गांवों का किया दौरा
|
Cyclone Arnab Weather Update: उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल के जिलों में गुरुवार से शुरू हुई बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया है। वाराणसी, गाजीपुर, चंदौली, मिर्जापुर, सोनभद्र और आसपास के इलाकों में बारिश और तेज हवाओं का असर दिखाई दिया। शुक्रवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम खराब रहने की चेतावनी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए भारी बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली को लेकर चेतावनी जारी की है। मौसम में इस बदलाव की प्रमुख वजह बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवात अर्नब है, जिसने आंध्र प्रदेश और ओडिशा में भारी तबाही मचाई है।
पूर्वांचल से अवध और तराई तक बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के 30 अक्टूबर के बुलेटिन के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं की आशंका है। पूर्वांचल के साथ गोरखपुर मंडल और तराई के जिलों में भी मौसम खराब रह सकता है। इससे दिन के तापमान में गिरावट आने की संभावना है। प्रशासन ने लोगों और किसानों को मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी है।
28 अक्टूबर को आंध्र तट से टकराया अर्नब
चक्रवात अर्नब 28 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश के बापटला और विशाखापत्तनम के बीच तट से टकराया। तट पार करते समय इसकी रफ्तार 125 से 135 किलोमीटर प्रति घंटे तक रही, जबकि झोंके 150 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचे। इसके प्रभाव से आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटीय इलाकों में भारी बारिश, बाढ़ और तेज हवाओं ने व्यापक नुकसान पहुंचाया। रेल और हवाई सेवाएं भी प्रभावित हुईं।
लाखों हेक्टेयर फसल प्रभावित, हजारों मकान क्षतिग्रस्त
आंध्र प्रदेश आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के 29 अक्टूबर के अनंतिम आंकड़ों के अनुसार, करीब 3.33 लाख हेक्टेयर कृषि क्षेत्र में पानी भर गया है। 21 हजार हेक्टेयर से अधिक बागवानी क्षेत्र प्रभावित हुआ है। 3,631 मकान और 3,009 झोपड़ियां क्षतिग्रस्त होने की सूचना है। कई जगह सड़कें टूटने, पेड़ गिरने और बिजली आपूर्ति बाधित होने से जनजीवन प्रभावित हुआ है।
मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने प्रभावित गांवों का किया दौरा
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने कोनसीमा जिले के मुम्मिदिवरम क्षेत्र के चेय्येरु, वेटलापलेम और गचाकायलापोरम गांवों का दौरा किया। उन्होंने प्रभावित किसानों, विस्थापित परिवारों और राहत शिविरों में रह रहे लोगों से मुलाकात की। जलमग्न खेतों और क्षतिग्रस्त नारियल के पेड़ों का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि सामान्य स्थिति बहाल होने तक प्रशासन प्रभावित लोगों के साथ खड़ा रहेगा। एनडीआरएफ की टीमें बचाव कार्य में जुटी हैं और बिजली कर्मचारी आपूर्ति बहाल करने में लगे हैं।