- जेवर एयरपोर्ट के भूमि मुआवजे की रकम जमा करने वाले किसान प्रभावित
- शाखा प्रबंधक समेत पांच बैंक कर्मचारी निलंबित
- बैंक ने अब तक 7.43 करोड़ रुपये के तीन दावों का किया निपटारा
- बैंक ने कहा, सभी वास्तविक दावों का भुगतान किया जाएगा
|
PNB Greater Noida Bank Fraud: पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की ग्रेटर नोएडा शाखा में ग्राहकों के सेविंग और फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) खातों से जुड़ी करीब 35 करोड़ रुपये की कथित वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आया है। प्रभावित ग्राहकों में बड़ी संख्या उन किसानों की बताई जा रही है, जिन्होंने जेवर एयरपोर्ट के लिए अधिग्रहित जमीन के मुआवजे की रकम बैंक में जमा की थी। खातों से रकम गायब होने की जानकारी कुछ ग्राहकों को जांच या निकासी के दौरान हुई। मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है, जबकि बैंक ने शाखा प्रबंधक समेत पांच कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है।
बैंक ने जारी किया बयान, जांच प्राथमिकता पर
PNB ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कहा है कि संबंधित खातों में कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच प्राथमिकता के आधार पर की जा रही है। बैंक संबंधित अधिकारियों को पूरा सहयोग दे रहा है। साथ ही गड़बड़ी की वास्तविक स्थिति और प्रभावित ग्राहकों की संख्या का पता लगाने के लिए तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है।
बैंक के मुताबिक, अब तक तीन दावों के तहत कुल 7.43 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। PNB ने भरोसा दिलाया है कि सभी वास्तविक दावों का निपटारा किया जाएगा।
पासवर्ड के दुरुपयोग से अनधिकृत ट्रांसफर का संदेह
मामले की शुरुआती जांच में बैंक कर्मचारियों के पासवर्ड के कथित दुरुपयोग और अनधिकृत रूप से रकम ट्रांसफर किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस ने आपराधिक विश्वासघात के आरोप में एफआईआर दर्ज की है। बैंक अपने स्तर पर भी जांच कर रहा है।
देशभर में शाखाओं की जांच, कई शाखा प्रमुख निलंबित
इस घटना के बाद PNB ने देशभर में अपनी शाखाओं की सुरक्षा और कामकाज की समीक्षा भी शुरू की है। बताया गया है कि कुछ शाखाओं में कर्मचारियों की कमी के कारण बाहरी लोगों की मौजूदगी और कामकाज में हस्तक्षेप की शिकायतें सामने आई थीं। इसके बाद बैंक ने कई शाखा प्रमुखों को निलंबित किया है।
बैंक ने कहा है कि वित्तीय धोखाधड़ी और अनियमितताओं के प्रति उसकी नीति शून्य सहनशीलता की है। जांच में जो भी जिम्मेदार पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमों के मुताबिक सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैंक ने ग्राहकों के हितों की रक्षा और आंतरिक निगरानी व्यवस्था मजबूत करने की प्रतिबद्धता भी जताई है।