हरीश रावत के पूर्व OSD के घर ED की छापेमारी

हरीश रावत के पूर्व OSD के घर ED की छापेमारी

सोना के साथ लक्जरी घड़ियां बरामद

UKSSSC  Scam: उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग UKSSSC   की ग्राम पंचायत विकास अधिकारी BPDO  परीक्षा-2016 में कथित अनियमितताओं से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय ED  ने बड़ी कार्रवाई की है। ईडी ने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के तत्कालीन OSD और वर्तमान में उनके पर्सनल असिस्टेंट चंदन सिंह जीना के आवास से 32 लाख रुपये नकद, करीब 200.5 ग्राम सोना और Rolex समेत 12 लग्जरी घड़ियां बरामद करने का दावा किया है।

नकदी, सोना और लग्जरी घड़ियां बरामद

ईडी के देहरादून सब-जोनल कार्यालय ने 10 सितंबर को पीएमएलए के तहत देहरादून में कई ठिकानों पर तलाशी ली। एजेंसी के अनुसार, जीना के घर से 13 सोने के सिक्के, सात सोने की चेन तथा Rolex, Rado, Piaget और अन्य ब्रांडों की 12 लग्जरी घड़ियां मिलीं। बरामद और फ्रीज की गई संपत्तियों का मूल्य करीब 1.28 करोड़ रुपये बताया गया है। घड़ियों के शेष मूल्य का आकलन जारी है।

परिवार के खातों में 52 लाख रुपये फ्रीज

ईडी ने जीना और उनके परिवार के बैंक खातों में मौजूद 52,16,312 रुपये भी फ्रीज कर दिए हैं। उनका मोबाइल फोन जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। एजेंसी का आरोप है कि बरामद संपत्ति और बड़े नकद खर्च का ज्ञात आय स्रोतों से संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं मिला।

OMR शीट में कथित हेरफेर की जांच

ईडी के अनुसार, जांच में ओएमआर उत्तर पुस्तिकाओं को सुरक्षित कस्टडी से निकालकर निजी आवास तक पहुंचाने और कथित तौर पर उत्तर बदलने का मामला सामने आया है। एजेंसी का आरोप है कि यह काम बिचौलियों के जरिए अवैध धन के लेन-देन के बदले किया गया। मामले की जांच जारी है। ईडी की बरामदगी और आरोपों से किसी आरोपी की दोषसिद्धि स्वतः साबित नहीं होती।