Imam-ul-Haq Controversy: पाकिस्‍तान क्रिकेट टीम पर गहराया संकट, क्यों 7 खिलाड़ियों को पाकिस्तान ने बुलाया वापस?

Imam-ul-Haq Controversy: पाकिस्‍तान क्रिकेट टीम पर गहराया संकट, क्यों 7 खिलाड़ियों को पाकिस्तान ने बुलाया वापस?

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के हाई परफॉर्मेंस निदेशक आकिब जावेद ने सलामी बल्लेबाज इमाम-उल-हक को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। लॉर्ड्स टेस्ट की दोनों पारियों में बल्लेबाजी नहीं करने पर उन्होंने इमाम की आलोचना की और कहा कि इस मामले में उनके खिलाफ 'कार्रवाई' की जाएगी।

पाकिस्तान के ब्रॉडकास्ट नेटवर्क जियो को दिए इंटरव्यू में आकिब ने कहा कि वह इमाम के रवैये से "बहुत निराश" हैं। इमाम की बल्लेबाजी से दूर रहने की वजह पिंडली की मांसपेशी में हल्की चोट बताई गई थी।

 इमाम की चोट पर आकिब जावेद ने उठाए सवाल

आकिब जावेद ने इमाम की चोट को लेकर सवाल खड़े करते हुए कहा, "इमाम का चोट एक बड़ा सवाल है और इससे मुझे बहुत निराशा हुई है। पहले भी खिलाड़ियों को चोट लगती थी, लेकिन वे पट्टी बांधकर भी खेलने की कोशिश करते थे। हम इस पर कार्रवाई करेंगे। यह कैसे संभव है कि मांसपेशी में खिंचाव, आपको दोनों पारियों में बल्लेबाज़ी करने से रोक दे? उसे कोशिश करनी चाहिए थी। अब उसे जांच का सामना करना होगा।"

उन्होंने आगे कहा, "मैं यह नहीं कह सकता कि उसने चोट का नाटक किया, लेकिन मांसपेशी में खिंचाव जैसी चोट आपको पूरी तरह बल्लेबाज़ी करने से नहीं रोक सकती।"

इमाम समेत 7 खिलाड़ियों को वापस बुलाया गया

इमाम-उल-हक उन सात खिलाड़ियों में शामिल हैं, जिन्हें PCB ने इंग्लैंड के बीच दौरे से वापस पाकिस्तान बुला लिया है। लॉर्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में पाकिस्तान की शर्मनाक हार के बाद इमाम के बल्लेबाजी नहीं करने को लेकर काफी आलोचना हुई थी।

दूसरे दिन का खेल शुरू होने से कुछ मिनट पहले PCB ने बयान जारी कर बताया था कि इमाम की बाईं पिंडली में चोट लगी है। टेस्ट के बाकी हिस्से में उनके खेलने का फैसला टीम फिजियो और टीम डॉक्टर की मेडिकल राय के आधार पर होना था।

हालांकि अगले दो दिनों तक टेस्ट में कोई भूमिका नहीं निभाने के बाद इमाम चौथे दिन सुबह बाकी टीम के साथ अभ्यास करने मैदान पर आए। उस समय ब्रॉडकास्ट पर स्टुअर्ट ब्रॉड ने उनकी कड़ी आलोचना की और इसे "सिर्फ़ दिखावा" बताया था। डेविड वार्नर ने भी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए उनकी आलोचना की थी।

टीम में बदलाव पर भी आकिब ने साधा निशाना

इमाम के अलावा छह और खिलाड़ियों को पाकिस्तान वापस भेजा गया है। वहीं पाकिस्तान के मुख्य टेस्ट कोच सरफ़राज़ अहमद और गेंदबाजी कोच उमर गुल को भी उनके पद से हटा दिया गया।

आकिब जावेद ने बताया कि PCB ने इतना बड़ा फैसला क्यों लिया। उनके मुताबिक बोर्ड वापस बुलाए गए खिलाड़ियों को संदेश देना चाहता था। उन्होंने टीम प्रबंधन को खराब टीम चयन के लिए भी जिम्मेदार ठहराया।

आकिब ने कहा, "दो टेस्ट मैच ख़त्म हो चुके हैं और टीम ने किसी भी तरह का मुक़ाबला नहीं दिखाया है। अब एक टेस्ट बाक़ी है। उनके पास एक तेज़ गेंदबाज़ी ऑलराउंडर, दूसरा विकेटकीपर और क़रीब 140 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से गेंदबाज़ी करने वाला तेज़ गेंदबाज़ उबैद शाह उपलब्ध था। लेकिन ये फ़ैसले नहीं लिए जा रहे थे।"

उन्होंने आगे कहा, "मैंने कप्तान [बाबर आज़म] और कोच से बात की और उबैद को खिलाने के लिए कहा क्योंकि बाक़ी गेंदबाज़ [मोहम्मद अब्बास, मोहम्मद अली और ख़ुर्रम शहजाद] की रफ़्तार लगभग एक जैसी है।"

आकिब ने टीम संयोजन को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा, "हमारे शीर्ष सात में कोई बल्लेबाज़, गेंदबाज़ी नहीं करता। हमें एक ऑलराउंडर को शामिल करना चाहिए था, लेकिन सबसे ज़रूरी था कि उबैद शाह को खिलाया जाता, जो क़रीब 140 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से गेंदबाज़ी करता है।"

उन्होंने कहा कि एक तेज गेंदबाज गेंदबाजी आक्रमण का संयोजन बदल देता है। साथ ही आकिब ने [सलमान] आग़ा को खराब फॉर्म के कारण बाहर करने की बात को समझने योग्य बताया, लेकिन [मोहम्मद] रिज़वान की जगह विकेटकीपर के तौर पर गाज़ी ग़ौरी को खिलाने की बात कही।

आकिब ने कहा, "किसी को तो कार्रवाई करनी थी। पूरी दुनिया हम पर हंस रही है क्योंकि हम मुक़ाबला तक नहीं कर पा रहे हैं।" उन्होंने कहा कि वापस बुलाए गए खिलाड़ियों को यह संदेश दिया जा रहा है कि महत्वपूर्ण दौरों पर उन्हें अपना खेल बेहतर करना होगा, मुकाबला करना होगा और प्रयास दिखाई देना चाहिए।