इजरायल में चुनाव में धांधली का आरोप, नेतन्याहू की लिकुड पार्टी ने जांच की मांग की

इजरायल में चुनाव में धांधली का आरोप, नेतन्याहू की लिकुड पार्टी ने जांच की मांग की
  • पुलिस और शिन बेट से व्यापक जांच की मांग
  • रा'am पार्टी के मतपत्रों और नकदी का किया दावा
  • दोहरी पहचान से मतदान और धमकी देने के भी आरोप
  • केंद्रीय चुनाव समिति से तत्काल कार्रवाई करने की मांग

Israel Election Fraud Allegations:  इजरायल में संसदीय चुनाव के बाद प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की लिकुड पार्टी ने चुनाव में कथित धांधली को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। पार्टी का दावा है कि अरब बहुल इलाकों के कई मतदान केंद्रों पर रिश्वत, धमकी, हिंसा, फर्जीवाड़े और मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए प्रतिबंधित सॉफ्टवेयर के इस्तेमाल जैसी अनियमितताएं हुई हैं। लिकुड ने इन आरोपों की जांच के लिए पुलिस, इजरायल की आंतरिक सुरक्षा एजेंसी शिन बेट और केंद्रीय चुनाव समिति से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

सैकड़ों साक्ष्य सौंपने का दावा

लिकुड पार्टी की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि वह कथित चुनावी अनियमितताओं से संबंधित सैकड़ों गवाहियों और साक्ष्यों को पुलिस, शिन बेट और केंद्रीय चुनाव समिति के समक्ष पेश कर रही है। पार्टी के अनुसार, कई अरब बहुल मतदान केंद्रों पर गंभीर गड़बड़ियां हुई हैं, जिन्होंने चुनाव की निष्पक्षता और परिणामों को प्रभावित किया है।

पार्टी ने दावा किया कि कुछ स्थानों पर नकदी और रा'am (यूनाइटेड अरब लिस्ट) पार्टी के मतपत्रों से भरे हजारों लिफाफे मिले। इसके अलावा मतदान केंद्रों के कर्मचारियों को धमकाने और उनके साथ हिंसा करने, मतदान कक्ष में एक से अधिक मतदाताओं की मौजूदगी, दोहरी पहचान के आधार पर मतदान तथा मतदाताओं और मतपत्रों की संख्या में अंतर होने के आरोप भी लगाए गए हैं।

पुलिस और शिन बेट से जांच की मांग

लिकुड ने पुलिस और शिन बेट से कथित चुनावी धांधली की गहन जांच करने तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पार्टी ने केंद्रीय चुनाव समिति से भी आरोपों की तत्काल जांच और चुनाव की निष्पक्षता प्रभावित करने वाली कथित आपराधिक गतिविधियों पर कार्रवाई करने को कहा है।

बयान में कहा गया कि ऐसी घटनाएं इजरायली लोकतंत्र और नागरिकों के मतदान के अधिकार पर गंभीर प्रहार हैं। पार्टी ने कानून प्रवर्तन एजेंसियों से तत्काल और सख्त कदम उठाने की मांग की है।