15 देशों के 100 से अधिक देवालयों के शुभकामना संदेश भी श्रीकृष्ण जन्मस्थान को भेजे गए
|
Shrikrishna Janmashtami: श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर काशी और मथुरा के बीच श्रद्धा, भक्ति एवं सांस्कृतिक आदान-प्रदान की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए श्री काशी विश्वनाथ धाम से भगवान श्री लड्डू गोपाल के लिए विशेष उपहार सामग्री श्रीकृष्ण जन्मस्थान, मथुरा को भेजी गई।
4 सितंबर को होने वाले जन्माष्टमी पर्व के पूर्व 2 सितंबर को श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में भगवान श्री विश्वेश्वर महादेव के समक्ष उपहार सामग्री का विधि-विधान से पूजन किया गया।
वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के बाद सामग्री भगवान श्री विश्वेश्वर को समर्पित कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया गया। इसके पश्चात मंदिर न्यास के अधिकारियों एवं कार्मिकों की उपस्थिति में भेंट सामग्री को श्रद्धापूर्वक मथुरा के लिए रवाना किया गया।
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के अनुसार वर्ष 2024 में शुरू हुई इस अभिनव परंपरा का उद्देश्य काशी और मथुरा जैसे प्रमुख तीर्थों के बीच आध्यात्मिक संवाद और सांस्कृतिक समन्वय को मजबूत करना है। रंगभरी एकादशी के अवसर पर भी दोनों धार्मिक केंद्रों के बीच भेंट एवं श्रद्धा संदेशों का आदान-प्रदान किया गया था।
इस वर्ष पहल को विस्तार देते हुए टेम्पल कनेक्ट के सहयोग से देश-विदेश के विभिन्न देवालयों से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के शुभकामना संदेश भी प्राप्त किए गए हैं। अब तक करीब 15 देशों के 100 से अधिक देवालयों से संदेश प्राप्त हुए हैं, जिन्हें भेंट सामग्री के साथ श्रीकृष्ण जन्मस्थान न्यास को भेजा गया है।
मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ऐसे धार्मिक, सांस्कृतिक एवं जनहितकारी नवाचारों को निरंतरता देने के निर्देश दिए।