भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत ने कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी को लेकर विवादित टिप्पणी की है। अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में कंगना ने सोनिया गांधी को 'रहस्यमयी विदेशी नागरिक' बताते हुए गांधी परिवार के राजनीतिक इतिहास पर सवाल उठाए। उन्होंने इंदिरा गांधी, संजय गांधी और राजीव गांधी की मौतों का जिक्र करते हुए घटनाओं को कई संयोगों की एक श्रृंखला बताया।
कंगना रनौत ने सोनिया गांधी को लेकर क्या कहा?
कंगना रनौत ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा कि इन दिनों एनवीडिया हनी ट्रैप विवाद की चर्चा हो रही है। उन्होंने बताया कि आपातकाल के दौर को लेकर भारतीय राजनीति और गांधी परिवार पर रिसर्च करते समय उनके मन में कई सवाल आए।
अपनी पोस्ट में कंगना ने लिखा, 'हर कोई एनवीडिया हनी ट्रैप विवाद के बारे में बात कर रहा है। आपातकाल (इमरजेंसी) के दौर को लेकर मैंने भारतीय राजनीति और गांधी परिवार पर काफी रिसर्च की है। मुझे यह बात कभी समझ नहीं आई कि कैसे एक रहस्यमयी विदेशी नागरिक गांधी परिवार में आती है, फिर इंदिरा गांधी, संजय गांधी और राजीव गांधी, जो सत्ता के संभावित उत्तराधिकारी थे- सब मारे जाते हैं। अंत में सत्ता के लिए केवल एक ही विकल्प बचता है, वह विदेशी नागरिक सोनिया गांधी।'
2014 तक सत्ता में बने रहने को लेकर भी उठाए सवाल
कंगना ने अपनी पोस्ट में आगे सोनिया गांधी के राजनीतिक प्रभाव का जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि गांधी परिवार से जुड़ी घटनाओं के बीच बने संयोगों पर लोगों ने सवाल नहीं उठाए।
कंगना ने लिखा, 'लोगों को यह भी अजीब नहीं लगा कि इतने सारे संयोग एक साथ कैसे हो गए। यही नहीं उस विदेशी महिला ने खुलेआम विदेशी एजेंडे को बढ़ावा दिया और आतंकवादियों के लिए मगरमच्छ के आंसू बहाए। फिर भी वह दशकों तक सरकार चलाती रहीं, जब तक कि 2014 का समय नहीं आ गया।'
2014 के चुनाव में बीजेपी ने हासिल की थी बड़ी जीत
2014 के लोकसभा चुनाव में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी ने 282 सीटें जीती थीं। एनडीए गठबंधन ने सरकार बनाई और नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री पद की शपथ ली।
दूसरी ओर, कांग्रेस को केवल 44 सीटें मिली थीं। इस चुनाव के साथ ही कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूपीए गठबंधन का दस साल का शासन समाप्त हो गया था।
कंगना रनौत का वर्कफ्रंट
फिल्मों की बात करें तो कंगना रनौत ड्रामा फिल्म 'भारत भाग्य विधाता' में मुख्य भूमिका में नजर आईं। यह फिल्म 12 जून 2026 को रिलीज हुई।
फिल्म का उद्देश्य 2008 के मुंबई आतंकी हमलों के दौरान हेल्थकेयर वर्कर्स की बहादुरी और हिम्मत को दिखाना था।
