एनवीडिया के CEO जेन्सेन हुआंग और कथित चीनी एजेंट एलिस हुआंग के संबंधों को लेकर अमेरिका में जांच और चर्चा तेज है। अब इस मामले में डोनल्ड ट्रंप की जानकारी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने मई में ट्रंप की बीजिंग यात्रा से पहले एक मेमो जारी किया था, जिसमें जेन्सेन हुआंग के कथित तौर पर चीनी एजेंट से जुड़े संबंधों का उल्लेख किया गया था।
इस बीच, FBI भी जेन्सेन हुआंग और एलिस हुआंग के कथित संबंधों की जांच कर रही है। हालांकि, आरोपों के बावजूद ट्रंप ने एनवीडिया प्रमुख का सार्वजनिक रूप से समर्थन किया है।
ट्रंप को पहले से कैसे मिली थी जानकारी?
द न्यूयॉर्क टाइम्स की एक पुरानी रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी खुफिया एजेंसियों ने एलिस हुआंग की इलेक्ट्रॉनिक निगरानी की थी। उन पर बीजिंग के लिए जासूसी करने का संदेह था। शुरुआती निगरानी में अधिकारियों को पता चला कि एलिस हुआंग का एक अमेरिकी नागरिक के साथ संबंध है।
बाद में खुफिया अधिकारियों ने उस अमेरिकी नागरिक की पहचान एनवीडिया CEO जेन्सेन हुआंग के रूप में की। रिपोर्ट में बताया गया था कि इस जानकारी के बारे में करीब एक साल पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप को भी अवगत कराया गया था।
अब रूबियो के मेमो की जानकारी सामने आने के बाद यह सवाल उठ रहा है कि अमेरिकी प्रशासन को इन कथित संबंधों के बारे में कब-कब जानकारी मिली और इसके बाद कार्रवाई पर विचार क्यों नहीं किया गया।
Nvidia पर कार्रवाई से क्यों पीछे रहे ट्रंप?
न्यूयॉर्क टाइम्स की पिछली रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप ने उस समय कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं करने का फैसला किया था। माना जाता है कि इसके पीछे एनवीडिया की एडवांस्ड चिप्स की अहमियत थी।
रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप प्रशासन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में चीन के साथ प्रतिस्पर्धा के लिए एनवीडिया की उन्नत चिप्स को अमेरिका के लिए महत्वपूर्ण मानता था। इसके अलावा, वित्तीय बाजारों को सहारा देने के लिहाज से कंपनी की मार्केट वैल्यू को भी अहम माना गया था।
ट्रंप ने जेन्सेन हुआंग का किया बचाव
इस पूरे विवाद के बीच डोनल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान जेन्सेन हुआंग का समर्थन किया। उन्होंने कहा, 'मैं निश्चित रूप से खुफिया विभाग के लोगों से पूछूंगा। हो सकता है कि इसका जिक्र किया गया हो। लेकिन सच कहूं तो, इसका मुझ पर कोई खास असर नहीं पड़ा।'
ट्रंप ने यह भी बताया कि उन्होंने खुद जेन्सेन हुआंग से एलिस हुआंग के साथ उनके संबंधों के बारे में सवाल किया था।
एलिस हुआंग को जासूस होने की जानकारी नहीं थी: ट्रंप
पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप ने जेन्सेन हुआंग के जवाब का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, 'उन्होंने मुझसे कहा, मुझे बिल्कुल नहीं पता था कि वह एक जासूस है और मुझे उनकी बात पर पूरा यकीन है।'
इस तरह एक तरफ FBI जेन्सेन हुआंग और एलिस हुआंग के कथित संबंधों की जांच कर रही है, वहीं दूसरी तरफ ट्रंप के पुराने रुख और रूबियो के मेमो को लेकर नए सवाल सामने आ रहे हैं। फिलहाल मामला जांच के दायरे में है।