Kulgam Terror Attack: आमने-सामने की मुठभेड़ से बच रहे आतंकी, 'हमला करो और भाग जाओ' की रणनीति अपना रहे हमलावर

Kulgam Terror Attack: आमने-सामने की मुठभेड़ से बच रहे आतंकी, 'हमला करो और भाग जाओ' की रणनीति अपना रहे हमलावर
हाइलाइट्स
• कुलगाम में सीआरपीएफ नाके पर दो आतंकियों ने की फायरिंग।
• तीन जवान घायल, एक की हालत गंभीर।
• हमला कर जंगल में भागे आतंकी, तलाश में सर्च ऑपरेशन जारी।

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सीआरपीएफ के नाके पर हुए हमले ने आतंकियों की बदलती रणनीति की ओर ध्यान खींचा है। सुरक्षाबलों के साथ लंबी मुठभेड़ में उलझने के बजाय अब आतंकी अचानक गोलीबारी करके मौके से भागने का तरीका अपना रहे हैं। कुलगाम में दो आतंकियों ने सीआरपीएफ जवानों पर फायरिंग की और फिर जंगल की तरफ फरार हो गए। इस हमले में तीन जवान घायल हुए हैं, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई गई।

अचानक हमला और फिर फरार होने की रणनीति

सुरक्षाबलों की लगातार कार्रवाई और पहाड़ी व जंगल क्षेत्रों में हुई मुठभेड़ों के बाद बचे हुए आतंकियों के तरीके में बदलाव देखा जा रहा है। वे किसी जगह लंबे समय तक रुकने या सुरक्षाबलों से सीधी मुठभेड़ करने के बजाय कुछ सेकेंड की गोलीबारी के बाद भाग निकलने की कोशिश करते हैं।

कुलगाम के सीआरपीएफ नाके पर हुई वारदात भी इसी तरीके का उदाहरण है। हमलावरों ने जवानों को निशाना बनाया और तुरंत वहां से निकल गए। इस तरह की घटनाओं में सुरक्षा एजेंसियों के सामने हमलावरों की पहचान करने और उनके ठिकाने तक पहुंचने की चुनौती रहती है।

हमले में इस्तेमाल वाहन, फरार होने के रास्ते और स्थानीय मदद की संभावना की जांच भी अहम हो जाती है। कुलगाम की घटना के सीसीटीवी फुटेज में 18 से अधिक राउंड फायरिंग की आवाज सुनाई दे रही है। सुरक्षा एजेंसियों को हमले के पीछे लश्कर के एक+एक यानी दो आतंकियों की जोड़ी होने का शक है।

कुलगाम और अनंतनाग में पहले भी अपनाया गया यह तरीका

जम्मू-कश्मीर में अचानक गोलीबारी कर भागने की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। इसी साल 31 जुलाई को कुलगाम जिले के केलम में ईंट भट्ठे पर काम करने वाले छत्तीसगढ़ के दो श्रमिकों पर आतंकियों ने गोलीबारी की थी। बाद में दोनों श्रमिकों की मौत हो गई थी। हमलावर वारदात के बाद फरार हो गए थे।

इससे पहले 22 जुलाई को अनंतनाग के लाल चौक में अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात पुलिस हेड कांस्टेबल आशिक हुसैन कुरैशी को निशाना बनाया गया था। उन पर भी अचानक नजदीक से गोलियां चलाई गई थीं, जिसमें वह बलिदान हुए थे।

इन दोनों घटनाओं में हमलावरों ने सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में उलझने के बजाय गोलीबारी के बाद भागने का रास्ता चुना था। आतंकियों और उनके स्लीपर सेल की इस रणनीति को सुरक्षा एजेंसियों के लिए चुनौती माना जा रहा है।

पूर्व डीजीपी एसपी वैद ने स्थानीय मददगारों पर कार्रवाई की जरूरत बताई

पूर्व डीजीपी एसपी वैद ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में सक्रिय 60 से 70 आतंकियों में करीब 95 प्रतिशत पाकिस्तानी हैं। उनके मुताबिक, स्थानीय मदद के बिना इन आतंकियों के लिए यहां काम करना संभव नहीं है।

उन्होंने आतंकियों के साथ उनके मददगारों की पहचान करने और उनके खिलाफ कार्रवाई को जरूरी बताया। एसपी वैद ने यह भी कहा कि स्थानीय युवाओं का आतंकवादी संगठनों में शामिल होना कम हुआ है, जो पाकिस्तान के लिए चिंता का विषय है।

क्या है कुलगाम में सीआरपीएफ नाके पर हमले का पूरा मामला?

पुलिस के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब सवा दो बजे कुलगाम जिले के नौपोरा अखरन इलाके में सीआरपीएफ की 46वीं बटालियन के जवान नियमित ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान दो आतंकियों ने नाके पर अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी।

यह इलाका श्रीनगर से लगभग 75 किलोमीटर दूर और जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग से बमुश्किल एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। हमलावर नाके से करीब 50 मीटर दूर जंगल क्षेत्र से आए थे। फायरिंग के बाद दोनों पैदल ही जंगल की तरफ भाग निकले।

गोलीबारी में हेड कांस्टेबल सोमबीर सिंह, कांस्टेबल राकेश दास और कांस्टेबल संतोष चंदू घायल हो गए। तीनों को तत्काल जीएमसी अनंतनाग में भर्ती कराया गया। जवाबी कार्रवाई के दौरान भाग रहे एक आतंकी का मोबाइल फोन घटनास्थल पर गिर गया, जिसे सुरक्षा एजेंसियों ने कब्जे में ले लिया।

सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, हमलावरों में से एक ने नाके पर गोलीबारी की, जबकि दूसरा उसे कवर दे रहा था। आतंकियों की तलाश में सुरक्षाबलों ने व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया।

घायल जवानों की स्थिति

कांस्टेबल संतोष चंदू के पेट और रीढ़ की हड्डी में गोलियां लगी हैं। उनकी हालत गंभीर बताई गई। पश्चिम बंगाल निवासी संतोष चंदू को बाद में एयरलिफ्ट कर श्रीनगर के 92 बेस अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी सेहत पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

असम निवासी कांस्टेबल राकेश दास के पैर में गोली लगी, जबकि हेड कांस्टेबल सोमवीर सिंह के बाएं हाथ में चोट आई। दोनों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। घायल दो अन्य जवानों की हालत स्थिर है और उनकी सेहत में सुधार हो रहा है।

अनंतनाग के जिला उपायुक्त ने जीएमसी अनंतनाग पहुंचकर घायल जवानों से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य व इलाज की प्रगति की जानकारी ली।

आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए सुरक्षाबलों को खुली छूट

सीआरपीएफ नाके पर हमले के बाद उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने आतंकियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने बुधवार को श्रीनगर स्थित लोक भवन में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सुरक्षा हालात की समीक्षा की और हमलावरों को ढूंढ़कर उनका सफाया करने की बात कही।

उपराज्यपाल ने हमले को कायरतापूर्ण आतंकी कृत्य बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की। इससे पहले उन्होंने श्रीनगर के बेस अस्पताल पहुंचकर घायल सीआरपीएफ जवान का हाल जाना और डॉक्टरों से उसकी स्थिति पर चर्चा की।

आतंकियों के फरार होने के रास्तों पर सुरक्षा बलों का पहरा

हमले की सूचना मिलते ही सेना, पुलिस और सीआरपीएफ के अतिरिक्त सुरक्षा दस्ते घटनास्थल पर पहुंच गए। सुरक्षाबलों ने आसपास के इलाके को सील कर आतंकियों के भागने के सभी संभावित रास्तों पर निगरानी बढ़ा दी।

सुरक्षा एजेंसियां इलाके की दुकानों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की बारीकी से जांच कर रही हैं। मोबाइल फोन को कब्जे में लेने के साथ ही आतंकियों की तलाश के लिए अभियान जारी है।