प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा मुख्यालय में आयोजित दिवाली मिलन समारोह में मीडियाकर्मियों को दिवाली और छठ की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों के साथ अपने पुराने जुड़ाव और अनुभवों को याद किया। उन्होंने बताया कि एक समय ऐसे ही कार्यक्रमों में उनकी जिम्मेदारी कुर्सियों का इंतजाम करने और मेहमानों का ध्यान रखने की होती थी।
समारोह में पीएम मोदी ने गुजरात का मुख्यमंत्री बनने की खबर मिलने से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा भी साझा किया। उन्होंने बताया कि पत्रकारों को उनके मुख्यमंत्री बनने की जानकारी उनसे पहले मिल गई थी। इसके अलावा उन्होंने पिछले 25 वर्षों में देश, राजनीति और मीडिया में आए बदलावों पर भी बात की।
त्योहारों की व्यस्तता के बीच कार्यक्रम में पहुंचे पत्रकारों का जताया आभार
प्रधानमंत्री ने समारोह में मौजूद पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि त्योहारों के दौरान हर कोई अपने परिवार और करीबियों के साथ समय बिताना चाहता है। लेकिन मीडियाकर्मियों का काम ऐसा है कि उन्हें ब्रेकिंग न्यूज के लिए लगातार सक्रिय रहना पड़ता है।
उन्होंने कहा, ''त्योहारों का समय ऐसा होता है, जब हर कोई अपने घर पर, अपने परिवार के साथ, अपनों के साथ समय बिताने का प्रयास करता है। लेकिन आपका काम ऐसा है कि ब्रेकिंग न्यूज के लिए भागदौड़ लगी रहती है। ऐसी व्यस्तता में आप सभी इस नॉन ब्रेकिंग न्यूज वाले कार्यक्रम में आए। मैं आप सबका बहुत आभारी हूं।''
कभी पार्टी कार्यालय में कुर्सियों का इंतजाम करते थे पीएम मोदी
पीएम मोदी ने मीडिया के साथ अपने पुराने संबंधों का जिक्र करते हुए बताया कि उन्होंने लंबे समय तक प्रेस विज्ञप्तियों से लेकर इंस्टाग्राम रील्स तक, संवाद के तरीकों में बदलाव देखा है।
उन्होंने 1990 के दशक की शुरुआत का एक अनुभव साझा किया। उस समय उन्हें देशभर में निकाली गई दो बड़ी यात्राओं के दौरान संगठन की जिम्मेदारियां सौंपी गई थीं। प्रेस विज्ञप्ति भेजने के लिए फैक्स मशीन ढूंढनी पड़ती थी। दिल्ली आने के बाद भी उनके पास यही जिम्मेदारी रही।
प्रधानमंत्री ने बताया कि उस समय पार्टी का कार्यालय अशोक रोड पर था और वहां भी दिवाली मिलन समारोह आयोजित किया जाता था। इन कार्यक्रमों में उन्हें कुर्सियों की व्यवस्था करने और आने वाले लोगों का ध्यान रखने का काम दिया जाता था। उन्होंने कहा कि उस दौर में कैमरों की संख्या भले ही कम थी, लेकिन पत्रकारों के साथ रिश्तों में अपनापन और नजदीकी बनी हुई थी।
पत्रकारों ने पहले ही बता दिया था- आप गुजरात के मुख्यमंत्री बनने वाले हैं
दिवाली मिलन समारोह में प्रधानमंत्री ने उस घटना को भी याद किया, जब उन्हें गुजरात का मुख्यमंत्री बनाए जाने की जानकारी पत्रकारों से मिली थी। उन्होंने बताया कि पिछले महीने सरकार का प्रमुख बने हुए उनके 25 साल पूरे हुए। इस मौके पर उन्होंने 2001 से जुड़ा एक पुराना अनुभव साझा किया।
पीएम मोदी के मुताबिक, उस समय इस फैसले की जानकारी पार्टी के केवल दो-चार वरिष्ठ नेताओं को थी। वह ज्यादातर समय 11 अशोक रोड पर बिताते थे। एक दिन पत्रकारों का पूरा समूह उनके कमरे में पहुंच गया। उन्होंने बताया कि आमतौर पर पत्रकार इस तरह सीधे उनके कमरे में नहीं आते थे।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पत्रकारों के उस समूह में महिला पत्रकारों का एक प्रभावशाली समूह भी शामिल था। उन्होंने उनसे मिठाई खिलाने की मांग की। जब पीएम मोदी ने इसकी वजह पूछी, तो पत्रकारों ने बताया कि वह गुजरात जा रहे हैं और मुख्यमंत्री बनने वाले हैं।
उन्होंने पत्रकारों से कहा कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है, लेकिन पत्रकार अपनी बात पर अड़े रहे। उनका कहना था कि उन्हें सब पता है और पीएम मोदी उनसे बात छिपा रहे हैं। बाद में पत्रकारों की यह जानकारी सही साबित हुई।
पत्रकार अपने खर्च पर शपथग्रहण समारोह में पहुंचे थे
पीएम मोदी ने बताया कि 2001 में जब उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली, तो उनके कई पत्रकार मित्र अपने खर्च पर और अपनी व्यवस्था करके समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। उन्होंने स्पष्ट किया कि पत्रकार वहां केवल कार्यक्रम की रिपोर्टिंग करने के लिए नहीं आए थे।
25 वर्षों में देश, राजनीति और मीडिया में आए बड़े बदलाव
प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले 25 वर्षों में देश और दुनिया के साथ राजनीति करने का तरीका भी बदल गया है। तकनीक में हुए बदलावों ने मीडिया की कार्यप्रणाली को प्रभावित किया है। इससे पारंपरिक मीडिया संस्थानों के काम में कुछ आसानी आई है, लेकिन उनके सामने नई चुनौतियां भी खड़ी हुई हैं।
उन्होंने पुराने दौर और आज की पत्रकारिता के बीच अंतर बताते हुए कहा कि पहले बड़ी-बड़ी ओबी वैन (आउटडोर ब्रॉडकास्टिंग वैन) के साथ काम करना पड़ता था, जबकि अब एक मोबाइल फोन ही ओबी वैन की भूमिका निभा रहा है। आज हर व्यक्ति का अपना मंच, चैनल और पॉडकास्ट है।
हर गली में मिलने लगा है हर खबर का जानकार
पीएम मोदी ने मीडिया और लोगों की बदलती भूमिका का जिक्र करते हुए क्रिकेट से जुड़ी पुरानी कहावत का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि पहले हर गली में क्रिकेट का जानकार मिल जाता था, जो सचिन तेंदुलकर के खेल में हुई गलती तक बता देता था।
उन्होंने कहा कि अब स्थिति ऐसी हो गई है कि हर गली में हर खबर का जानकार मौजूद है। प्रधानमंत्री ने पुरानी कहावत ''जितने मुंह, उतनी बातें'' का उल्लेख करते हुए कहा कि कभी-कभी ऐसा लगता है कि देश में जितने लोग हैं, उतनी ही राय भी हैं।
पीएम मोदी के मुताबिक, लोगों के अलग-अलग विचार ही लोकतंत्र को जीवंत बनाए रखते हैं और इसमें भारतीय मीडिया की भी महत्वपूर्ण भूमिका है।