प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 16 से 18 नवंबर तक फिलीपींस के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह राजधानी मनीला में आयोजित 49वें आसियान शिखर सम्मेलन और उससे जुड़ी बैठकों में भाग लेंगे। उनके कार्यक्रम में 23वां आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वीं पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन प्रक्रिया भी शामिल है।
विदेश मंत्रालय के सचिव (पूर्व) रूपेंद्र टंडन ने विशेष ब्रीफिंग के दौरान प्रधानमंत्री के दौरे की जानकारी दी। उन्होंने इस यात्रा को भारत की एक्ट ईस्ट नीति को आगे बढ़ाने के लिहाज से अहम मंच बताया।
मनीला में कई विश्व नेताओं से मुलाकात करेंगे पीएम मोदी
फिलीपींस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रपति बोंगबोंग मार्कोस की ओर से आयोजित रात्रिभोज में शामिल होंगे। इसके अलावा शिखर सम्मेलनों के दौरान अलग-अलग देशों के नेताओं के साथ उनकी द्विपक्षीय बैठकें भी प्रस्तावित हैं।
फिलीपींस इस सप्ताह 49वें आसियान शिखर सम्मेलन और संबंधित बैठकों के लिए कम से कम 19 विश्व नेताओं और वैश्विक संस्थाओं के प्रमुखों की मेजबानी करेगा। आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में भाग लेने के बाद पीएम मोदी 21वीं पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन प्रक्रिया में भी शामिल होंगे।
पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन आसियान के नेतृत्व वाला आठ नेताओं का एक विशेष समूह है। इसमें वैश्विक सुरक्षा और साझा चिंता से जुड़े मुद्दों पर अनौपचारिक चर्चा होती है। इस साल इस सम्मेलन की अध्यक्षता फिलीपींस कर रहा है। विदेश मंत्रालय के सचिव रूपेंद्र टंडन ने इसे आसियान की सफल सामूहिक कूटनीति का उल्लेखनीय उदाहरण बताया।
चीन के प्रधानमंत्री ली कियांग भी मनीला पहुंचेंगे
अनादोलु एजेंसी के अनुसार, चीन के प्रीमियर ली कियांग भी मनीला में होने वाली 29वीं चीन-आसियान नेताओं की बैठक में हिस्सा लेंगे। चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने बुधवार को इसकी घोषणा की।
ली कियांग फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर के निमंत्रण पर वहां जाएंगे। फिलीपींस फिलहाल आसियान की घूर्णनशील अध्यक्षता कर रहा है। इस वर्ष आसियान-चीन व्यापक रणनीतिक साझेदारी के पांच साल भी पूरे हो रहे हैं।
डोनाल्ड ट्रंप और एंटोनियो गुटेरेस की भी होगी भागीदारी
द मनीला टाइम्स की 15 अक्तूबर की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस भी आसियान बैठक में शामिल होंगे।
फिलीपींस के राष्ट्रपति संचार कार्यालय की अवर सचिव क्लेयर कास्त्रो ने 14 अक्तूबर को ट्रंप की भागीदारी की पुष्टि की थी। उन्होंने कहा था कि उनकी मौजूदगी की 'पुष्टि' हो चुकी है। वहीं, व्हाइट हाउस ने भी न्यूयॉर्क पोस्ट की 11 अक्तूबर की रिपोर्ट में ट्रंप के मनीला दौरे की पुष्टि की थी।
आसियान शिखर सम्मेलन में शामिल होने के बाद ट्रंप चीन के शेनझेन जाएंगे, जहां वह एपेक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।
15 नवंबर से शुरू होंगी उच्च-स्तरीय बैठकें
फिलीपींस इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में 15 नवंबर को उद्घाटन समारोह के साथ उच्च-स्तरीय बैठकों की शुरुआत होगी। इन बैठकों में आसियान नेता फिलीपींस की अध्यक्षता के दौरान हुई प्रगति और उपलब्धियों की समीक्षा करेंगे।
सम्मेलन के एजेंडे में म्यांमार संकट समेत क्षेत्रीय और वैश्विक चुनौतियों से निपटने के उपायों पर चर्चा भी शामिल है। इसके साथ ही युवा प्रतिनिधियों, कारोबारी क्षेत्र और आसियान सांसदों के साथ संवाद के कार्यक्रम होंगे।
फिलीपींस के विदेश विभाग के अनुसार, इस सम्मेलन में भागीदारी का उद्देश्य क्षेत्रीय आर्थिक लचीलापन तैयार करने के लिए वैश्विक खिलाड़ियों के साथ साझेदारी के महत्व को रेखांकित करना है।