कोलकाता। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण की वोटिंग से पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार को उत्तर 24 परगना के मतुआ ठाकुर मंदिर पहुंचे और इस सम्प्रदाय के लोगों से एक बड़ा वादा किया।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बंगांव और आरामबाग में बड़ी रैलियों को संबोधित करते हुए लोगों से भारतीय जनता पार्टी के लिए वोट करने की अपील की और कहा कि मतुआ सम्प्रदाय के लोगों को नागरिकता संशोधन अधिनियम CAA के तहत नागरिकता प्रदान की जाएगी।
मतुआ मंदिर जाने के बारे में प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर किए अपने पोस्ट में कहा कि आज मतुआ ठाकुर मंदिर में प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि श्री हरिचन्द ठाकुर और श्री गुरुचंद ठाकुर के आदर्श हमारे समाज को रास्ता दिखाते रहते हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि जब मैं मतुआ ठाकुर मंदिर पहुंचा तो कुछ साल पहले इस मंदिर में आने को याद किया जब मुझे बड़ो मां बिनापनी ठाकुर का आशीर्वाद मिला था। प्रधानमंत्री ने उस वक्त की तस्वीर भी सोशल मीडिया पर शेयर की।
रैलियों को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि अगर बीजेपी जीतती है तो पश्चिम बंगाल फिर नंबर एक राज्य बनेगा। उन्होंने अपनी रैली का वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा कि बंगांव की बड़ी रैली से स्पष्ट और निर्णायक संदेश जाता है कि टीएमसी की हार अवश्यम्भावी है।