Film on Goswami Tulsidas: ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘हनुमान अंश’ की सफलता के बाद ‘हनुमान अंश’ के निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने लोकप्रिय रचना रामचरित मानस लिखने वाले तुलसी दास पर फिल्म बनाने का ऐलान किया है। इस फिल्म का नाम होगा ‘रामबोला’।
लेखक-निर्देशक विशाल चतुर्वेदी और महावीर जैन फिल्म्स ने अपनी आगामी फिल्म ‘रामबोला’ की घोषणा की है। यह फिल्म महाकवि गोस्वामी तुलसीदास के असाधारण जीवन, आध्यात्मिक यात्रा और साहित्यिक विरासत को बड़े पर्दे पर प्रस्तुत करेगी। फिल्म की घोषणा 14 सितंबर 2026 को की गई।
तुलसीदास के जीवन पर केंद्रित होगी फिल्म
‘रामबोला’ भारत के प्रसिद्ध कवि और आध्यात्मिक व्यक्तित्व गोस्वामी तुलसीदास के जीवन पर आधारित होगी। फिल्म में उनके जीवन के महत्वपूर्ण प्रसंगों, भक्ति और भारतीय संस्कृति एवं साहित्य पर उनके स्थायी प्रभाव को दर्शाने की योजना है। निर्माताओं के अनुसार, तुलसीदास की रचनाओं और आध्यात्मिक योगदान ने भारतीय समाज और साहित्य पर गहरी छाप छोड़ी है।
विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनेगी
फिल्म की कहानी लिखने के साथ निर्देशन की जिम्मेदारी भी विशाल चतुर्वेदी संभालेंगे। इसका निर्माण महावीर जैन, विशाल चतुर्वेदी, अमित उपाध्याय और रघुवेंद्र सिंह करेंगे। फिल्म को महावीर जैन फिल्म्स प्रस्तुत कर रहा है।
‘रामबोला’ विशाल चतुर्वेदी और महावीर जैन की ‘हनुमान अंश’ के बाद दूसरी साझा परियोजना है। हालांकि, फिल्म की रिलीज तारीख, कलाकारों और निर्माण कार्यक्रम से संबंधित विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है।