- 80 वर्ष की उम्र में ईस्ट हैम्पटन स्थित आवास पर ली अंतिम सांस
- बिल क्लिंटन ने 55 साल पुरानी दोस्ती को किया याद
- शशि थरूर ने भारत के प्रति उनके सम्मान को सराहा
- भारत-अमेरिका परमाणु वार्ता में निभाई थी अहम भूमिका
|
Strobe Talbott Death: अमेरिका के जाने-माने राजनयिक, पत्रकार और विदेश नीति विशेषज्ञ स्ट्रॉब टालबोट का गुरुवार को निधन हो गया। वह 80 वर्ष के थे। उन्होंने न्यूयॉर्क के ईस्ट हैम्पटन स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। उनके बेटे डेविन टालबोट ने निधन की पुष्टि की। वह लंबे समय से बीमार थे और शांतिपूर्वक दुनिया से विदा हुए।
टालबोट अमेरिकी विदेश नीति के उन प्रमुख चेहरों में शामिल थे, जिन्होंने पत्रकारिता से शुरुआत कर देश के शीर्ष राजनयिक पदों तक का सफर तय किया। उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन के प्रशासन में उप विदेश मंत्री के रूप में काम किया। इसके अलावा वह प्रतिष्ठित ब्रुकिंग्स इंस्टीट्यूशन के अध्यक्ष भी रहे।
बिल क्लिंटन ने 55 साल पुरानी दोस्ती को किया याद
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन ने टालबोट के निधन पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भावुक संदेश साझा किया। उन्होंने लिखा कि स्ट्रॉब टालबोट ऑक्सफोर्ड में उनके रूममेट थे, राष्ट्रपति रहने के दौरान उनके भरोसेमंद सलाहकार रहे और 55 वर्षों से अधिक समय तक उनके मित्र बने रहे।
क्लिंटन ने उन्हें प्रतिभाशाली, मजाकिया और नेकदिल इंसान बताया। उन्होंने कहा कि टालबोट के जीवन और योगदान से दुनिया अधिक शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनी। क्लिंटन ने लिखा कि वह और हिलेरी क्लिंटन उन्हें बहुत प्यार करते थे और उनकी कमी हमेशा महसूस करेंगे।क्लिंटन से उनकी मुलाकात ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय में पढ़ाई के दौरान हुई थी। बाद में क्लिंटन के राष्ट्रपति बनने पर टालबोट उनके प्रशासन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभालने पहुंचे।
शशि थरूर ने बताया अमेरिकी कूटनीति की बड़ी हस्ती
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने भी स्ट्रॉब टालबोट के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने एक्स पर अपने संदेश में उन्हें अमेरिकी कूटनीति, पत्रकारिता और अंतरराष्ट्रीय मामलों की एक बड़ी हस्ती बताया।
थरूर ने लिखा कि टाइम पत्रिका में दशकों तक वैश्विक राजनीति पर रिपोर्टिंग करने से लेकर अमेरिकी उप विदेश मंत्री के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाने और ब्रुकिंग्स इंस्टीट्यूशन का लंबे समय तक नेतृत्व करने तक टालबोट ने अपने बौद्धिक कौशल, गंभीरता और मानवीय दृष्टिकोण से अंतरराष्ट्रीय चुनौतियों का सामना किया।
उन्होंने टालबोट को ऐसा राजनेता और कूटनीतिज्ञ बताया, जो अंतरराष्ट्रीय गठबंधनों, विचारपूर्ण संवाद और सिद्धांत आधारित नेतृत्व की ताकत में विश्वास रखते थे।
शशि थरूर ने अपने व्यक्तिगत संबंधों का जिक्र करते हुए कहा कि संयुक्त राष्ट्र में अपनी सेवा के दौरान और भारतीय राजनेता के रूप में उन्हें टालबोट को जानने का अवसर मिला। उन्होंने उन्हें बेहद विनम्र, जिज्ञासु और उदार व्यक्तित्व वाला इंसान बताया।
थरूर ने लिखा कि टालबोट लोगों की बातें वास्तविक रुचि के साथ सुनते थे, शांत स्वभाव से नेतृत्व करते थे और विभाजित दुनिया में भी साझा आधार तलाशने का प्रयास करते थे।
उन्होंने अपने संदेश में कहा, ''भारत के लोगों के पास उनकी बुद्धिमत्ता, आत्मीयता और हमारे देश के प्रति उनके वास्तविक सम्मान के लिए आभारी होने के कारण हैं।'' थरूर ने टालबोट के परिवार, मित्रों और सहयोगियों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी आवाज और बुद्धिमत्ता की कमी बहुत खलेगी।
भारत-अमेरिका संबंधों को मजबूत बनाने में निभाई अहम भूमिका
स्ट्रॉब टालबोट का भारत से भी गहरा जुड़ाव रहा। भारत और अमेरिका के बीच संबंधों को नई दिशा देने में उनकी भूमिका को विशेष रूप से याद किया जाता है। वर्ष 1998 में भारत के परमाणु परीक्षणों के बाद दोनों देशों के संबंधों में तनाव पैदा हो गया था। तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति बिल क्लिंटन के प्रशासन ने भारत पर प्रतिबंध लगाए थे।
इस कठिन दौर में टालबोट ने भारत के तत्कालीन विदेश मंत्री जसवंत सिंह के साथ लंबी और महत्वपूर्ण कूटनीतिक बातचीत की। वर्ष 1998 से 2000 के बीच दोनों नेताओं के बीच 14 दौर की वार्ता हुई। ये बैठकें सात देशों के 10 अलग-अलग स्थानों पर हुई थीं।
इन चर्चाओं का उद्देश्य परमाणु अप्रसार से जुड़े अमेरिकी सरोकारों और भारत की सुरक्षा संबंधी चिंताओं के बीच सहमति के रास्ते तलाशना था। हालांकि परमाणु मुद्दे पर दोनों देशों के बीच सभी मतभेद समाप्त नहीं हुए, लेकिन इस बातचीत ने आपसी विश्वास बढ़ाने और द्विपक्षीय संबंधों को व्यापक बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
मार्च 2000 में बिल क्लिंटन की भारत यात्रा और उसके बाद दोनों देशों के संबंधों में आए सुधार को भी इस कूटनीतिक प्रक्रिया के महत्वपूर्ण पड़ाव के रूप में देखा जाता है। आगे चलकर वर्ष 2008 में भारत-अमेरिका असैन्य परमाणु समझौते का रास्ता तैयार होने में भी इस दौर की बातचीत की अहम भूमिका मानी जाती है।
टाइम पत्रिका से ब्रुकिंग्स इंस्टीट्यूशन तक का सफर
टालबोट ने अपने करियर की शुरुआत पत्रकारिता से की थी। उन्होंने टाइम पत्रिका में करीब 21 वर्ष तक काम किया। इस दौरान उन्होंने सोवियत-अमेरिकी संबंधों और अंतरराष्ट्रीय राजनीति पर रिपोर्टिंग की। वह पत्रिका के वाशिंगटन ब्यूरो प्रमुख और विदेश मामलों के स्तंभकार भी रहे।
ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय में पढ़ाई के दौरान उन्होंने सोवियत संघ के पूर्व नेता निकिता ख्रुश्चेव के संस्मरणों के अनुवाद और संपादन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इस काम ने उन्हें पत्रकारिता की दुनिया में शुरुआती पहचान दिलाई।
क्लिंटन प्रशासन में उन्होंने 1994 से 2001 तक उप विदेश मंत्री के रूप में काम किया। सोवियत संघ के विघटन के बाद रूस के साथ अमेरिकी संबंधों को आकार देने और नाटो के विस्तार जैसे महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय मामलों में भी उनकी भूमिका रही।
सरकारी सेवा से अलग होने के बाद वर्ष 2002 में उन्होंने ब्रुकिंग्स इंस्टीट्यूशन की कमान संभाली और 2017 तक इसके अध्यक्ष रहे। इस दौरान उन्होंने वैश्विक राजनीति, कूटनीति और अंतरराष्ट्रीय संबंधों से जुड़े विमर्श को आगे बढ़ाया।
स्ट्रॉब टालबोट का निधन अमेरिकी कूटनीति और अंतरराष्ट्रीय संबंधों की दुनिया के लिए एक बड़ी क्षति है। भारत-अमेरिका संबंधों के इतिहास में भी उनका नाम उस राजनयिक के रूप में याद किया जाएगा, जिसने कठिन परिस्थितियों में संवाद का रास्ता खुला रखने और दोनों देशों के बीच विश्वास कायम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।