Highlights
• यूपी कांग्रेस में अजय राय की जगह नए प्रदेश अध्यक्ष की चर्चा
• आराधना मिश्रा मोना का नाम सबसे आगे बताया जा रहा
• 2027 विधानसभा चुनाव से पहले युवा और महिला चेहरे पर विचार
• पंजाब कांग्रेस में भी नेतृत्व परिवर्तन की चर्चा तेज
• पंजाब अध्यक्ष पद के लिए 7 नामों पर हाईकमान में मंथन
विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस चुनावी राज्यों में संगठन के स्तर पर बड़े बदलाव कर सकती है। उत्तर प्रदेश में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की जगह किसी नए चेहरे को जिम्मेदारी दिए जाने की चर्चा है। प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए कई नाम सामने आ रहे हैं, जिनमें पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रमोद तिवारी की बेटी आराधना मिश्रा मोना का नाम सबसे आगे बताया जा रहा है।
उत्तर प्रदेश के साथ पंजाब कांग्रेस में भी नेतृत्व परिवर्तन को लेकर चर्चा तेज है। कहा जा रहा है कि पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने अपना इस्तीफा आलाकमान को भेज दिया है।
चुनाव से पहले संगठन में बदलाव की तैयारी
पार्टी आलाकमान 2027 की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले संगठन में जोश भरने के लिए युवा चेहरे को जिम्मेदारी देना चाहता है। इसके साथ ही किसी महिला को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर भी विचार किया जा रहा है।
मौजूदा विधानसभा में कांग्रेस की इकलौती विधायक आराधना मिश्रा का नाम इसी वजह से आगे बताया जा रहा है। वह प्रतापगढ़ जिले की रामपुर खास विधानसभा सीट से तीन बार चुनाव जीत चुकी हैं।
आराधना मिश्रा के पिता और राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी भी रामपुर खास से लंबे समय तक विधायक रहे हैं। वह इस सीट से नौ बार विधायक रह चुके हैं।
अजय राय की जगह किसे मिल सकती है जिम्मेदारी?
उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद को लेकर कई नाम चर्चा में हैं। इनमें आराधना मिश्रा मोना का नाम प्रमुखता से सामने आ रहा है।
पार्टी स्तर पर चुनाव से पहले संगठन में बदलाव की कवायद के तहत नए चेहरे को प्रदेश की कमान सौंपे जाने की चर्चा है। हालांकि, अंतिम फैसला आलाकमान के स्तर पर होना है।
पंजाब कांग्रेस में भी नेतृत्व परिवर्तन की चर्चा
उत्तर प्रदेश के अलावा पंजाब कांग्रेस में भी संगठनात्मक बदलाव को लेकर गतिविधियां तेज हैं। पार्टी सूत्रों का कहना है कि अगले 48 घंटे में नेतृत्व परिवर्तन पर फैसला हो सकता है।
पंजाब में नेतृत्व परिवर्तन की यह कवायद पिछले कई महीनों से चल रही अंदरूनी खींचतान की अगली कड़ी मानी जा रही है।
पार्टी सूत्रों का दावा है कि सचिन पायलट ने पंजाब कांग्रेस की मौजूदा राजनीतिक और संगठनात्मक स्थिति पर विस्तृत रिपोर्ट हाईकमान को सौंपी है। इसी रिपोर्ट के बाद प्रदेश संगठन में बदलाव को लेकर गतिविधियां तेज हुई हैं।
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए इन नामों की चर्चा
हाईकमान के स्तर पर नए प्रदेश अध्यक्ष को लेकर मंथन चल रहा है। इस पद के लिए जिन चेहरों के नाम चर्चा में हैं, उनमें विजय इंदर सिंगला, चरणजीत सिंह चन्नी, सुखजिंदर सिंह रंधावा, प्रताप सिंह बाजवा, परगट सिंह, गुरजीत सिंह औजला और सुखबिंदर सिंह सरकारिया शामिल हैं।