उपराष्ट्रपति श्रीलंका जाएंगे, दिशानायका और अमरासुरिया से मिलेंगे

Authored By: News Corridors Desk | 18 Apr 2026, 05:39 PM
news-banner

दिल्ली। उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन दो दिवसीय यात्रा पर पड़ोसी देश श्रीलंका जाएंगे जहां वह राष्ट्रपति महामहिम अनुरा कुमारा दिसानायका और प्रधानमंत्री डॉ. हरिणी अमरासुरिया से भेंट करेंगे।

सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार उपराष्ट्रपति 19 से 20 अप्रैल तक श्रीलंका की आधिकारिक यात्रा करेंगे। यह भारत के उपराष्ट्रपति की श्रीलंका की पहली द्विपक्षीय यात्रा होगी।

इस यात्रा के दौरान, उपराष्ट्रपति श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायका से भेंट करेंगे। वह 19 अप्रैल, को श्रीलंका की प्रधानमंत्री डॉ. हरिणी अमरासुरिया और अन्य गणमान्य व्यक्तियों से भी मिलेंगे।

वह भारतीय मूल के तमिल समुदाय के नेताओं और श्रीलंका के उत्तरी और पूर्वी क्षेत्रों के तमिल नेताओं के साथ बातचीत करेंगे।

उपराष्ट्रपति कोलंबो में एक सामुदायिक कार्यक्रम में भारतीय प्रवासियों को संबोधित करेंगे, जहां वे भारतीय आवास परियोजना के तीसरे चरण के तहत भारत सरकार की सहायता से निर्मित आवास तमिल समुदायों के लाभार्थियों को वर्चुअल माध्यम से सौंपेंगे। इसके साथ ही, तमिल समुदायों के लिए कुल आवासों की संख्या 50,000 हो जाएगी, और परियोजना के चौथे चरण में 10,000 और आवासों का निर्माण किया जा रहा है।

20 अप्रैल, 2026 को उपराष्ट्रपति नुवारा एलिया की यात्रा करेंगे, भारतीय आवास परियोजनाओं का दौरा करेंगे और स्थानीय तमिल समुदाय के साथ बातचीत करेंगे।