हाइलाइट्स :
• राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने एकता नगर में प्रदान किए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार
• ममूटी और कार्तिक आर्यन को संयुक्त रूप से सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार
• यामी गौतम को ‘आर्टिकल 370’ के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का सम्मान
• ‘आर्टिकल 370’ सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म, राजकुमार पेरियासामी सर्वश्रेष्ठ निर्देशक चुने गए
National Film Awards: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने गुजरात के एकता नगर, केवड़िया में आयोजित समारोह में 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार प्रदान किए। इस अवसर पर भारतीय सिनेमा में उल्लेखनीय योगदान के लिए दिग्गज अभिनेता अनंत नाग को वर्ष 2024 का दादासाहब फाल्के पुरस्कार प्रदान किया गया।
पहली बार केवडिया में मंगलवार 22 सितंबर 2026 को आयोजित समारोह में राष्ट्रपति ने पुरस्कार विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि लोकप्रिय फिल्म कलाकारों में विशेषकर बच्चों और युवाओं को प्रभावित करने की बड़ी क्षमता होती है। उन्होंने सफल कलाकारों से अनुशासित जीवनशैली को बढ़ावा देने और स्वास्थ्य के लिए हानिकारक पदार्थों का समर्थन नहीं करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सच्चा सितारा वह है जो रोशनी फैलाता है, अंधेरा नहीं।
राष्ट्रपति ने ‘आर्टिकल 370’ को देश की एकता से जुड़ी चुनौतियों और उनके समाधान का चित्रण करने वाली फिल्म बताया। उन्होंने ‘भंगार’, ‘स्वातंत्र्य वीर सावरकर’, ‘भक्षक’ और संथाली फिल्म ‘आंगेन’ का भी उल्लेख किया। राष्ट्रपति ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न भाषाओं और क्षेत्रों की फिल्मों को सम्मान मिलना सांस्कृतिक विविधता और सामाजिक समावेश को दर्शाता है।
पुरस्कारों में ‘आर्टिकल 370’ को सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म चुना गया। ‘ब्रह्मयुगम’ के लिए ममूटी और ‘चंदू चैंपियन’ के लिए कार्तिक आर्यन को संयुक्त रूप से सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार मिला। ‘आर्टिकल 370’ के लिए यामी गौतम सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री चुनी गईं।
सहायक अभिनेता का पुरस्कार ‘भक्षक’ के लिए संजय मिश्रा को मिला। ‘महाराजा’ के लिए सचना नामिदास और ‘मिथ्या’ के लिए रूपाश्री वरकडे को संयुक्त रूप से सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री का सम्मान मिला। ‘अमरन’ के लिए राजकुमार पेरियासामी को सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार दिया गया। ‘कल्कि 2898 एडी’ को संपूर्ण मनोरंजन प्रदान करने वाली सर्वश्रेष्ठ लोकप्रिय फिल्म और ‘कैप्टन मिलर’ को राष्ट्रीय, सामाजिक एवं पर्यावरणीय मूल्यों को बढ़ावा देने वाली सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म चुना गया।