SP Manifesto 2027 : 25 लाख नौकरी से पुरानी पेंशन तक, अखिलेश के घोषणापत्र में बड़े वादे

SP Manifesto 2027 : 25 लाख नौकरी से पुरानी पेंशन तक, अखिलेश के घोषणापत्र में बड़े वादे
हाइलाइट्स
• सपा के घोषणापत्र में 25 लाख युवाओं को नौकरी देने का वादा
• बेरोजगारों को हर महीने 5 हजार रुपये देने का ऐलान
• महिलाओं को सालाना 40 हजार और पुरानी पेंशन बहाली का वादा
SP Manifesto 2027 : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपने चुनावी वादों का खाका सामने रख दिया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को संविधान दिवस के अवसर पर लखनऊ में आयोजित जनसभा के दौरान घोषणापत्र जारी किया। सपा ने इसे ‘जन-मन का मैनिफेस्टो’ और ‘पीडीए का प्रणपत्र’ नाम दिया है। इसमें युवाओं को रोजगार देने के साथ महिलाओं, किसानों और कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों पर भी वादे किए गए हैं।

25 लाख युवाओं को नौकरी और हर महीने 5 हजार रुपये देने का वादा

घोषणापत्र जारी करते हुए अखिलेश यादव ने कहा, “अच्छे दिन नहीं आए, लेकिन बुरे दिन जाने वाले हैं।” पार्टी ने अपने मैनिफेस्टो में 25 लाख युवाओं को नौकरी देने और बेरोजगारों को हर महीने 5 हजार रुपये देने का वादा किया है।

सपा ने इन घोषणाओं के जरिए युवाओं के साथ महिलाओं, किसानों और कर्मचारियों को भी अपने एजेंडे में जगह दी है।

महिलाओं और कर्मचारियों के लिए पहले किए जा चुके हैं ये ऐलान

समाजवादी पार्टी की ओर से महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये देने और स्त्री समृद्धि योजना का वादा पहले ही किया जा चुका है। इसके अलावा पार्टी ने आउटसोर्सिंग व्यवस्था खत्म कर पक्की नौकरी देने, पुरानी पेंशन योजना लागू करने और भर्तियों में पूरा आरक्षण देने की बात कही है।

किसानों के लिए सपा ने गन्ने का भुगतान 24 घंटे के भीतर करने का वादा भी किया है।

आजम खान बोले- हम वोट कटवा नहीं, वोट जुड़वा हैं

घोषणापत्र जारी होने के कार्यक्रम में सपा सरकार में मंत्री रहे आजम खान ने भी संबोधन किया। उन्होंने जेल में बिताए अपने समय का जिक्र करते हुए कहा कि एक समय ऐसा था, जब उन्हें और उनके बेटे को एनकाउंटर किए जाने का डर लग रहा था।

आजम खान के मुताबिक, दोनों को अलग-अलग गाड़ियों में लाया गया था। उन्होंने जेल की जिंदगी को मौत से भी बदतर बताते हुए कहा कि उनके साथ अंग्रेजों से भी बुरा व्यवहार किया गया।

उन्होंने कहा, “हम वोट कटवा नहीं वोट जुड़वा हैं, और अब मैं अखिलेश के साथ हूं।”

2022 के घोषणापत्र में किए थे ये वादे

समाजवादी पार्टी ने वर्ष 2022 के घोषणापत्र में 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने, किसानों की कर्जमाफी और लैपटॉप वितरण जैसे वादे किए थे। अब पार्टी ने नए चुनावी घोषणापत्र के जरिए युवाओं को नौकरी और बेरोजगारों को आर्थिक सहायता देने सहित कई मुद्दों को सामने रखा है।