UP Election 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर जनसत्ता दल लोकतांत्रिक ने अपनी चुनावी तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी ने पहली उम्मीदवार सूची जारी करते हुए तीन विधानसभा सीटों के लिए प्रत्याशियों के नाम घोषित किए हैं। पार्टी अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया एक बार फिर अपनी पारंपरिक कुंडा सीट से चुनाव मैदान में उतरेंगे। वहीं, बाबागंज से विनोद सरोज और विश्वनाथगंज से कुलदीप पटेल को उम्मीदवार बनाया गया है।
कुंडा से राजा भैया और बाबागंज से विनोद सरोज को टिकट
जनसत्ता दल लोकतांत्रिक की पहली सूची में कुंडा, बाबागंज और विश्वनाथगंज विधानसभा सीटों के प्रत्याशियों के नाम शामिल हैं। कुंडा से खुद राजा भैया चुनाव लड़ेंगे। पार्टी का चुनाव चिह्न आरी है।
पिछले विधानसभा चुनाव में कुंडा सीट पर राजा भैया को 99,612 वोट मिले थे और उन्होंने जीत दर्ज की थी। समाजवादी पार्टी के गुलशन यादव 69,297 वोट हासिल कर दूसरे स्थान पर रहे थे, जबकि बीजेपी की सिंधुजा मिश्रा सेनानी को 16,455 वोट मिले थे।
बाबागंज विधानसभा सीट से पार्टी ने मौजूदा विधायक विनोद सरोज पर ही भरोसा जताया है। पिछले चुनाव में उन्हें 67,282 वोट मिले थे। समाजवादी पार्टी के गिरीश चंद्र 51,515 वोटों के साथ दूसरे और बीजेपी के केशव प्रसाद 30,391 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहे थे।
विश्वनाथगंज में कुलदीप पटेल की उम्मीदवारी से सियासी चर्चा
पहली सूची में विश्वनाथगंज सीट के लिए कुलदीप पटेल का नाम भी शामिल है। इस सीट पर उनकी उम्मीदवारी को लेकर चर्चा है, क्योंकि यहां से फिलहाल अपना दल (सोनेलाल) के जीत लाल विधायक हैं। अपना दल (एस) की अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल हैं। उनकी पार्टी एनडीए का हिस्सा है और वह केंद्र सरकार में मंत्री भी हैं।
कुलदीप पटेल जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतापगढ़ माधुरी पटेल के पति हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में विश्वनाथगंज सीट पर जीत लाल ने 86,829 वोट हासिल कर जीत दर्ज की थी। समाजवादी पार्टी के सौरभ सिंह को 38,777 वोट मिले थे और वह दूसरे स्थान पर रहे थे। वहीं, संजय पांडेय 22,962 वोटों के साथ तीसरे नंबर पर थे।
पिछली बार 16 सीटों पर चुनाव लड़ी थी पार्टी
पिछले विधानसभा चुनाव में जनसत्ता दल लोकतांत्रिक ने उत्तर प्रदेश की 16 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे। इनमें से पार्टी को दो सीटों पर जीत मिली थी। अब 2027 के चुनाव के लिए जारी पहली सूची में पार्टी ने तीन प्रत्याशियों के नाम घोषित किए हैं।
