संविधान गौरव दिवस के मौके पर भाजपा ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और सांसद बांसुरी समेत कई नेता शामिल हुए। कार्यक्रम में अमित शाह ने संविधान के लिए बलिदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को याद किया और कांग्रेस पर निशाना साधा। राहुल गांधी का नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि कुछ लोग संविधान की किताब अपनी जेब में रखते हैं और उसे सार्वजनिक रूप से लहराते हैं, लेकिन संविधान को पढ़ना भी जरूरी है।
1857 से 1947 तक के स्वतंत्रता संग्राम का किया जिक्र
अमित शाह ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को देश की एक नई यात्रा शुरू हुई थी। उन्होंने 1857 से 1947 तक चले स्वतंत्रता संग्राम को याद करते हुए कहा कि इन 90 वर्षों के दौरान अनगिनत लोगों ने देश की आजादी के लिए बलिदान दिया।
गृह मंत्री के मुताबिक, कई स्वतंत्रता सेनानियों ने मां भारती को आजाद कराने के लिए हंसते-हंसते अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। अनेक लोगों ने अपना घर-बार, व्यापार, करियर और पढ़ाई तक छोड़ दी थी और देश की स्वतंत्रता के लिए लगातार प्रयास किए।
2014 के बाद हर साल संविधान गौरव दिवस मनाने का फैसला
अमित शाह ने बताया कि 2014 में केंद्र में सरकार बनने के बाद संविधान गौरव दिवस मनाने का निर्णय लिया गया। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद 2015 में तय किया गया कि हर साल 26 नवंबर को यह दिवस मनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य संविधान की भावना और उसके सर्वोच्च मूल्यों को स्कूलों, कॉलेजों और देश के हर नागरिक तक पहुंचाना था। शाह ने यह भी कहा कि आजादी के बाद संविधान को मुख्य रूप से सरकार चलाने वाली किताब के रूप में देखने की कोशिश हुई, जबकि इसके मूल विचारों और भावना को किशोरों, युवाओं और आम लोगों तक पहुंचाने पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया।
संविधान नागरिकों को सरकार चुनने का अधिकार देता है
गृह मंत्री ने संविधान की भूमिका समझाते हुए कहा कि यह देश के नागरिकों को अपनी सरकार चुनने का अधिकार देता है। वहीं, सत्ता में बैठे लोगों को संविधान की तय सीमाओं के भीतर रहकर शासन चलाना होता है।
उन्होंने कहा, 'मेरा मानना है कि बीते 80 वर्षों में देश के लोगों ने यह साबित किया है कि भले ही 1949 में संविधान ने हमें लोकतंत्र का ढांचा दिया, लेकिन भारत की सभ्यता में हजारों साल से लोकतांत्रिक मूल्य मौजूद रहे हैं। अब यही मूल्य संविधान के अनुच्छेदों के रूप में सामने आ रहे हैं।'
'संविधान का सम्मान सिर्फ किताब दिखाने तक सीमित नहीं'
अमित शाह ने कहा कि पिछले 80 वर्षों में संविधान, संवैधानिक संस्थाओं, शासन व्यवस्था और लोकतंत्र के प्रति लोगों का भरोसा मजबूत हुआ है। उन्होंने संविधान के सम्मान के दो तरीकों का जिक्र किया।
शाह ने कहा, 'संविधान का सम्मान करने के दो तरीके हैं। पहला यह कि जिस तरह हमने संविधान की किताब को पवित्र ग्रंथ की तरह रखकर आपका स्वागत किया, उसी तरह कोई इसे हाथ में उठाकर दिखा सकता है। कोई इसे अपनी जेब में रखकर लहरा सकता है और जनता को दिखा सकता है।'
उन्होंने आगे कहा, 'संविधान के सम्मान का दूसरा तरीका यह है कि उसने जो कसौटियां तय की हैं और जो मानक बनाए हैं, उन पर एक व्यक्ति और एक राजनीतिक दल के तौर पर खरा उतरा जाए।'
नितिन नवीन ने लोकतंत्र में बिहार की भूमिका को बताया अहम
कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की पवित्र भूमि बिहार में संविधान गौरव दिवस मनाने का मौका मिलना उनके लिए गर्व की बात है।
नितिन नवीन ने कहा कि जब भी लोकतंत्र और संविधान की चर्चा होती है, पूरे देश की निगाहें बिहार पर टिक जाती हैं। उन्होंने भगवान बुद्ध और बोधगया का उल्लेख करते हुए कहा कि मतदान कैसे होना चाहिए और असहमति की परंपरा कैसे विकसित होनी चाहिए, इसका ज्ञान भगवान बुद्ध की कार्यप्रणाली से मिला।
उन्होंने पाटलिपुत्र और सम्राट अशोक के कालखंड का जिक्र करते हुए कहा कि वहां से धर्म और लोककल्याण के शासन की सीख मिली। नितिन नवीन के मुताबिक, लोकतंत्र के निर्माण, उसे आवाज देने और ताकत देने में बिहार की भूमिका हमेशा अग्रणी रही है।